बालोतरा : उपखंड अधिकारी खंगारोत ने सिणेर और नाल ग्राम पंचायतों का किया निरीक्षण
- ग्रामीणों को मिले योजनाओं का लाभ; त्वरित समाधान के निर्देश
बालोतरा । पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़े के तहत सिवाना उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत सिणैर और नाल का दौरा कर शिविरों में चल रही गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पात्र व्यक्तियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ मिले।
सिणैर और नाल में ग्रामीणों से संवाद- उपखंड अधिकारी सुरेन्द्र सिंह खंगारोत ने दोनों ग्राम पंचायतों में शिविर स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर चल रहे कार्यों का अवलोकन किया और उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी मुस्तैदी से काम करने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी ने विशेष रूप से ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें मिल रहे लाभों के बारे में जानकारी ली। कई ग्रामीणों ने बताया कि शिविर में आने से उनके वर्षों पुराने लंबित कार्य अब आसानी से हो पा रहे हैं।
मौके पर मिली राहत और त्वरित समाधान के निर्देश- निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्राप्त आवेदनों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। उन्होंने कहा कि नामांतरण (म्यूटेशन), सीमाज्ञान, रास्ते के विवाद और अन्य भूमि संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। श्री खंगारोत ने अधिकारियों को कहा कि पखवाड़े का उद्देश्य आमजन को राहत प्रदान करना है, और यह तभी संभव होगा जब समस्याओं का समाधान मौके पर हो।