सड़क हादसे में बैंककर्मी की दर्दनाक मौत
जयपुर-सीकर हाईवे पर राजावास के निरंकारी सत्संग भवन के पास ग्रीन त्रिवेणी कट पर शनिवार सुबह अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार बैंककर्मी गंभीर घायल हो गया, जिसे एम्बुलेंस ने चौमूं के उप जिला अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हरमाड़ा थाना पुलिस ने बताया कि बाइक सवार युवक लोहरवाड़ा निवासी संदीप कुमार वर्मा (27) पुत्र नानूराम वर्मा अपने गांव से चौमूं होते हुए जयपुर की ओर जा रहा था। राजावास पुलिया के आगे निकलते ही अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे टोलकर्मियों ने एम्बुलेंस से चौमूं के उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतक जयपुर में एयू बैंक शाखा में फाइनेंस का काम करता था। हादसे के बाद आधा घंटे के लिए जाम लग गया, जिसे पुलिस ने खुलवाकर यातायात सुचारू करवाया।