राजस्थान में बीएपी नेता के भाई की पीट-पीटकर हत्या
बांसवाड़ा। बांसवाड़ा में भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के नेता के भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बीएपी नेता ने आरोप लगाया है कि उनके भाई की पीट-पीटकर हत्या की गई है। पुलिस के अनुसार बीएपी नेता अशोक निनामा के भाई अनिल (28) खमेरा थाना क्षेत्र के कलिमगरा में सोमवार देर रात घायल मिले थे। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस प्रेम-प्रसंग में हमले की आशंका से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार अनिल बांसलिखेड़ा के रहने वाले थे। वे अपने घर से करीब 6 किलोमीटर दूर झाड़ियों में घायल मिले थे। जांच में अशोक निनामा ने बताया है कि रात करीब 2 बजे उनके पास सरपंच प्रकाश का कॉल आया था। सरपंच ने पूछा कि - तुम्हारा भाई कहां है? अशोक के अनुसार, सरपंच ने उन्हें लोकेशन बताई और कहा कि - अनिल यहां पड़ा है, आकर ले जाओ।
झाड़ियों में बचाने की गुहार लगा रहा था अनिल
परिजनों के साथ जब अशोक बताए गए स्थान काली मगरी के पास पहुंचे। उन्हें झाड़ियों से अनिल की चीखने की आवाज आई। अशोक ने बताया- मेरा भाई बचाओ-बचाओ चिल्ला रहा था। जब हम उनके पास पहुंचे तो वह बहुत बुरी हालत में था। उसने बताया कि रात करीब साढ़े 12 बजे से उसे घसीट-घसीट कर पीटा गया है। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और अनिल को गंभीर हालत में पहले स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से अनिल को बांसवाड़ा रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।