बारां: मतदाता जल्द से जल्द भरें गणना प्रपत्र-जिला कलक्टर प्रशासन जुटा एसआईआर को सफल करने में
बारां। जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने कहा कि जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के कार्य में निरंतर प्रगति हो रही है। इस कार्यक्रम में मतदाताओं से संपर्क कर उनसे गणना प्रपत्र भरवाकर प्राप्त किए जा रहे हैं। जिनमें से अब तक 34 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि गणना प्रपत्र एक सरल फार्म है। इसके साथ मतदाताओं को किसी तरह का दस्तावेज संलग्न करने की आवश्यकता नहीं है। उन्हें प्राथमिकता के साथ यह प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराना चाहिए। जिला निर्वाचन अधिकारी तोमर ने यह बात मंगलवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रंेस के दौरान कही। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के तहत ज्यादातर मतदाताओं तक प्रपत्र पहंुचाए जा चुके हैं जिन्हें भरवाकर संग्रहण करने का कार्य पूरी तेजी के साथ किया जा रहा है। मतदाताओं को यह प्रपत्र स्वयं ऑनलाइन भरने की सुविधा भी प्रदान की गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपजिला निर्वाचन अधिकारी भंवरलाल जनागल, सहायक निदेशक जनसंपर्क योगेन्द्र शर्मा भी उपस्थित थे।
एसआईआर प्रक्रिया (विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम)
पुनरीक्षण कार्यक्रम 27 अक्टूबर 2025 से प्रारंभ किया गया है। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 7 फरवरी 2026 तक एसआईआर की प्रक्रिया चलेगी। कार्यक्रम के अन्तर्गत 4 दिसंबर तक घर-घर गणना प्रपत्र के वितरण एवं संग्रहण का कार्य होगा। इसके पश्चात 9 दिसंबर को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जाएगा। दावे एवं आपत्तियां 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक ली जाएगी। जबकि 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक सुनवाई एवं सत्यापन किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
बीएलओ, वॉलंटियर एवं हेल्पडेस्क
जिला निर्वाचन अधिकारी तोमर ने कहा कि सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। बीएलओ द्वारा अपनी दैनिक प्रगति का अभिलेखन किया जा रहा है। गणना प्रपत्र भरने में सहायता के लिए मतदाताओं विशेष रूप से बीमार, दिव्यांग, असहाय और अन्य कमजोर समूहों की सहायता के लिए वॉलंटियर को नियोजित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण कार्यालय आदि में हेल्पडेस्क स्थापित किए जा रहे है।
एसआईआर प्रगति रिपोर्ट
जिले में वर्तमान में बीएलओ द्वारा गणना प्रपत्र का वितरण व डिजिटाईजेशन का कार्य किया जा रहा है। जिसमें अधिकांश संख्या में बीएलओ द्वारा किशनगंज, बारां-अटरू, छबड़ा विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्र वितरित कर दिए गए हैं। वहीं करीब 34 प्रतिशत परिगणना प्रपत्रों को डिजिटाईज्ड भी किया जा चुका है। कार्यक्रम में 784 बीएलओ तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगाए गए है। जोकि कुल 7 लाख 56 हजार 75 मतदाताओं तक प्रपत्रों को पहुंचाने एवं भरवाने का कार्य कर रहे हैं।
राजनैतिक दलों का सहयोग
सभी राजनीतिक दलों से इस कार्यक्रम में सहयोग करते हुए एसआईआर की प्रक्रिया के प्रति प्रतिबद्ध होने के लिए आह्वान किया गया है। सभी जनप्रतिनिधियों से कहा जा रहा है कि वे भी जिले में मतदाताओं को अधिक से अधिक संख्या में पुनरीक्षण के कार्य को प्राथमिकता से लेने एवं परिवार के सभी वयस्क सदस्यों के फॉर्म समय पर बीएलओ को उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित करें। इस संदर्भ में विधायकगणों एवं राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से विचार विमर्श किया जा चुका है। विधायकगणों ने भी एसआईआर कार्य में पूर्ण सहभागिता का आश्वासन दिया है।
तीन बीएलओ सम्मानित
इस दौरान जिले मंे श्रेष्ठ कार्य करने पर जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने तीन बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। छबड़ा विधानसभा क्षेत्र में गांगटी के बीएलओ परमानन्द लोधा कोे 95.50 प्रतिशत, किशनगंज क्षेत्र में बादीपुरा के बीएलओ पुरूषोत्तम को 85.47 प्रतिशत तथा छबड़ा क्षेत्र में नरेडा जागीर के बीएलओ बाबूलाल मीणा को 79.77 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने पर सम्मानित किया गया।
मीडिया सेल एवं प्रचार-प्रसार
पुनरीक्षण कार्यक्रम के लिए जिला स्तर पर मीडिया सेल गठित किया गया है। जिसके माध्यम से नियमित प्रेस विज्ञप्ति एवं सोशल मीडिया अपडेट जारी किए जा रहे हैैं। विशेष गहन पुनरीक्षण के संबंध में विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं पंचायत स्तर पर ऑनलाइन आवेदन केे लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वहीं स्वयं सहायता समूहों व राजसखी को विशेष रूप से महिला मतदाताओं को प्रेरित करने के लिए जोड़ा जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा एकीकृत ईसीआईनेट ऐप व वेबसाइट लॉन्च की गई है, जिसके माध्यम से मतदाता बीएलओ से सीधा संपर्क करते हुए इस संदर्भ में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट से भी संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, एईआरओ, ईआरओ, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम एवं मोबाइल नंबर प्राप्त कर संपर्क किया जा सकता है। मतदाता सूचियां ीजजचेरूध्ध्अवजमतेण्मबपण्हवअण्पदध् पर अपलोड कर दी गई है। साथ ही यह लिंक मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध कराया गया है। विगत एसआईआर की मतदाता सूची में अगर किसी वर्तमान मतदाता के माता-पिता या दादा-दादी आदि का नाम शामिल है तो सटीक और सत्यापित पारिवारिक संबंध के माध्यम से वंशावली मानचित्रण (मैपिंग) की जा रही है। जिससे अधिकांश मतदाताओं से किसी भी प्रकार के दस्तावेज लेने की आवश्यकता ही नहीं रहेगी। साथ ही बीएलओ भी तीन बार मतदाताओं के घर पहुंचेंगे। पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए विधानसभा क्षेत्र किशनगंज के लिए भंवरलाल जनागल उप जिला निर्वाचन अधिकारी, बारां-अटरू के लिए राजवीर सिंह चौधरी मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद, छबड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए दुर्गाशंकर मीणा उप निदेशक बाल विकास को नियोजित किया गया है। साथ ही लगातार भ्रमण कर एसआईआर के कार्य का निरीक्षण कर बीएलओ को प्रोत्साहित किया जा रहा है। आमजन को कार्यक्रम जुड़कर अपने मताधिकार को सुरक्षित रखने के लिए समझाईश की जा रही है।