बारां : ग्रामीण व शहरी सेवा शिविरों से आमजन को मिल रही राहत
बारां। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा पर्व पखवाड़े के तहत जिलेभर में आयोजित हो रहे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविर आमजन के लिए राहतदायी साबित हो रहे हैं। जिला कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने शुक्रवार को मिनी सचिवालय सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ शिविरों की प्रगति की समीक्षा बैठक ली। इस अवसर पर एडीएम भंवर लाल जनागल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। जिला कलक्टर ने बताया कि शिविरों में वर्षों से लंबित समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाकर उन्हें खुशियां दी जा रही हैं।
स्वामित्व योजना का त्वरित लाभ- रानीबड़ौद निवासी लाभार्थी इरफान को ग्रामीण सेवा शिविर में स्वामित्व योजना के तहत पुराने मकान का पट्टा एवं प्रोपर्टी पार्सल सौंपा गया। उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब वह पट्टे पर बैंक से ऋण भी ले सकेंगे। इसी प्रकार गोरधनपुरा निवासी राधाकिशन किराड़ एवं ग्राम बमूलिया जागीर निवासी धनराज सुमन को भी स्वामित्व योजना के अंतर्गत पट्टा एवं प्रोपर्टी पार्सल दिए गए। शिविरों में पहुंचे लोगों के चेहरे लाभ प्राप्त कर खुशी से खिल उठे और उन्होंने राज्य एवं केन्द्र सरकार का आभार जताया।
4 अक्टूबर को होंगे शिविर- जिले में 4 अक्टूबर को बारां नगर परिषद के वार्ड 24 से 27, अटरू के वार्ड 13 व 14, मांगरोल के वार्ड 19 से 21 तथा छबड़ा के वार्ड 16 से 20 में सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी तरह ग्राम पंचायत स्तर पर माथना, तिसाया, बमूलिया कलां, बड़वा, रायथल, हानाहेड़ी, पचपाड़ा सेतकोलू, दीगोदखालसा, मुसई गुजरान, दिलोदहाथी, राजपुर, बैहटा, किशनगंज व बांसथूनी में भी शिविर लगाए जाएंगे।