बारां: सड़क सुरक्षा पर ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित
बारां। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति की नोडल अधिकारी डॉ. कल्पना शर्मा के नेतृत्व में जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम के तहत गुरूवार को भारतमाता कॉलेज किशनगंज में एनजीओ सदस्य जिला सड़क सुरक्षा समिति बारां के सदस्य के द्वारा कार्यक्रम किया गया। जिसमें ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के तहत राज्य सड़क सुरक्षा प्रकोष्ठ, परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग के निर्देशन में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन सड़क सुरक्षा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं बच्चों द्वारा अपने अभिभावकों को यातायात नियमों की पालना के लिए सड़क सुरक्षा विषय पर पत्र लेखन प्रतियोगिता” का आयोजन किया गया। जिले के सभी ब्लॉकों के विद्यालयों, महाविद्यालयों, शासकीय एवं गैर-शासकीय संस्थाओं में पत्र लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तूमड़ा, छीपाबड़ौद स्थित भारत बाल विद्या मंदिर विद्यालय में अशोका तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान के सहयोग से प्रतियोगिता आयोजित करवाई गई। इसका उद्देश्य बच्चों के माध्यम से अभिभावकों को यातायात नियमों की पालना के प्रति जागरूक करना तथा सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, मोबाइल फोन का उपयोग न करने, ट्रैफिक सिग्नल एवं ज़ेब्रा क्रॉसिंग के महत्व सहित सड़क सुरक्षा नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्टाफ को सड़क सुरक्षा नियमों की पालना करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा समिति के एनजीओ सदस्य हरीश कुमार एवं रघुवीर, संस्था सचिव कल्याण सिंह कुशवाहा, विद्यालय प्रधानाचार्य सतीश कुमार शर्मा एवं नोशिन अली ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया और सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। विद्यालय प्रधानाचार्य सतीश कुमार शर्मा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर निरंतर प्रभावी गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं, जिससे विद्यार्थियों एवं आमजन में जागरूकता बढ़ रही है।