बाड़मेर : प्रशासनिक अधिकारियों ने किया विद्यालयों का निरीक्षण
- जिला कलक्टर के निर्देश पर बाड़मेर जिले में विद्यालयों का निरीक्षण जारी
- जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवन चिन्हित, विद्यार्थियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें
बाड़मेर। जिला कलक्टर टीना डाबी के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारियों ने सोमवार को बाड़मेर जिले के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान जर्जर एवं क्षतिग्रस्त भवनों को चिह्नित करने के साथ संबंधित कार्मिकों को विद्यार्थियों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने जर्जर भवनों को बंद रखने एवं क्षतिगस्त भवनों की मरम्मत के प्रस्ताव भिजवाने के निर्देश दिए। बाड़मेर जिले में सोमवार को उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों, विकास अधिकारियों एंव शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों के भवनों का निरीक्षण किया। रामसर उपखंड अधिकारी छाया सिंह ने राप्रावि गागरिया का निरीक्षण किया। इसमें एक कमरा जर्जर होने के कारण उस पर नोटिस चस्पा किया गया। उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र गागरिया का निरीक्षण किया। यहां टांका क्षतिग्रस्त होने के कारण तारबंदी करवाई गई। राउमावि गागरिया में एक भवन क्षतिग्रस्त होने पर बंद करवाया गया। गुड़ामालानी उपखंड अधिकारी केशव मीना ने पीपराली, भाभू की ढाणी एवं गुड़ामालानी विद्यालय का निरीक्षण किया। बाड़मेर तहसीलदार हुकमीचंद ने राउमावि मारूड़ी, राउप्रावि कुम्हारो की बस्ती, दरूड़ा, भीलो का कुंआ, जसवंतसिंहपुरा, रायधरो की बस्ती, राउप्रावि पाबुपूरा एवं गोरधनपुरा, सोमाणियो की ढाणी विद्यालय भवन का निरीक्षण किया। पाबुपूरा विद्यालय भवन की छत टपकने के कारण विद्यार्थियों को आंगनबाड़ी केन्द्र के भवन में स्थानांतरित किया गया। रायधरो की बस्ती में विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने पर बंद करवाया गया। बाटाडू तहसीलदार डालूराम ने महेश विद्या मंदिर बाटाडू, धनाउ तहसीलदार विनोद कुमार ने राउमावि इटादा एवं श्रीरामवाला विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान 2 कक्षा कक्ष जर्जर पाए जाने पर बंद करवाए गए। संबंधित पीईईओ को जर्जर कमरों में बच्चों को नहीं बिठाने के लिए निर्देशित किया गया। इसी तरह बाटाडू में मेघवालों की होदी विद्यालय, राउमावि खीपर, सेड़वा में राउप्रावि सम्मो की ढाणी एवं आंगनबाड़ी केन्द्र के भवन का निरीक्षण किया गया। चौहटन पंचायत समिति के विकास अधिकारी नरसिंगदास ने राउमावि सांवलोर, राउमावि केरनाडा, आंगनवाड़ी केन्द्र केरनाडा का निरीक्षण किया। करीम का पार विद्यालय में क्षतिग्रस्त कमरे को ताले लगाकर बंद करवाया गया। सेड़वा उपखंड अधिकारी बद्रीनारायण विश्नोई ने राउमावि धनाउ, राउप्रावि लिच्छया बेरा, राप्रावि समो की बस्ती का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय परिसर में से विद्युत ट्रांसफार्मर को बाहर स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। बाड़मेर नायब तहसीलदार ने गांधी नगर विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खानियानी में उप स्वास्थ्य केन्द्र का कमरा क्षतिग्रस्त पाए जाने पर बंद करवाया गया। बाटाडू तहसील में कालानाडा आंगनवाडी केन्द्र को भवन क्षतिग्रस्त होने पर उप्रावि विद्यालय में स्थानांतरित करवाया गया। इसी तरह डूगेेरे का तला विद्यालय जर्जर होने के कारण सील करवाया गया। फागलिया विकास अधिकारी अणदाराम ने राउमावि गंगासरा का निरीक्षण किया। शिव उपखंड अधिकारी यक्ष चौधरी ने निंबला में हेमानाडा विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां कुछ कक्षा कक्षों में पानी टपकने के कारण संबंधित संस्था प्रधान को बारिश के दौरान उसका इस्तेमाल नहीं करने के लिए निर्देशित किया गया। उन्होंने भगवानोणियों की ढाणी विद्यालय भवन एवं आंगनबाड़ी केद्र का निरीक्षण किया। विद्यालय में टांका जर्जर पाया गया। बाड़मेर उपखंड अधिकारी यथार्थ शेखर ने हेमानाडा आंगनवाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। इसी तरह विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों ने बाड़मेर जिले की ग्राम पंचायतों में पहुंचकर विद्यालयों, उप स्वास्थ्य केन्द्रों एवं आंगनवाडी केन्द्रों के भवनों का निरीक्षण किया। क्षतिग्रस्त भवन होने पर उसको बंद करवाते हुए मरम्मत एवं उनको गिराने के प्रस्ताव भिजवाने के लिए निर्देशित किया गया। इस दौरान जिन विद्यालयों के भवन जर्जर पाए गए, उनमें तत्काल प्रभाव से विद्यालय का संचालन अन्यत्र स्थान पर करने के निर्देश दिए गए।