बाड़मेर : निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित, शहीदों के परिजनों का सम्मान
बाड़मेर। बाड़मेर जिला मुख्यालय पर भारतीय सेना की ओर से जिला सैनिक बोर्ड कार्यालय में शनिवार को गौरव सैनिकों, उनके परिजनों एवं वीरांगनाओं के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर का उद्देश्य पूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करना था। इस चिकित्सा शिविर की अध्यक्षता जालीपा मिलिट्री स्टेशन के कार्यवाहक स्टेशन कमांडर ने की। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना के प्रभारी अधिकारी, एडम कमांडेंट एवं एसएसओ, स्टेशन मुख्यालय सैनिक बोर्ड के सदस्य मौजूद रहे। शिविर में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित हेल्प डेस्क स्थापित किए गए। इसमें पेंशन, नाम परिवर्तन, स्पर्श संबंधी मुद्दे, डीएसपी पेंशन एवं जॉइंट खाता संबंधित समस्याओं का समाधान किया गया। साथ ही चिकित्सा विशेषज्ञों ईएनटी डॉ. कपिल जैन , अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश पन्नू तथा दंत चिकित्सकों ने निःशुल्क परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया। कार्यक्रम के दौरान जालीपा मिलिट्री स्टेशन के कार्यवाहक स्टेशन कमांडर ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित किया तथा उनके परिवारजनों से संवाद कर उनके त्याग के लिए आभार व्यक्त किया। इस अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के अध्यक्ष कैप्टन हीरसिंह भाटी समेत विभिन्न सैन्य अधिकारी एवं गौरव सेनानी उपस्थित रहे।