बाड़मेर : सफलता की कहानी, काना का सही नाम हुआ थाना
- अंत्योदय शिविर में मिली तत्काल राहत, बुजुर्ग किसान के चेहरे पर लौटी मुस्कान
बाड़मेर। राज्य सरकार की ओर से आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय पखवाड़ा के अंतर्गत सोमवार को ग्राम पंचायत मुख्यालय बिसारणीया में बहुविभागीय जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में तहसीलदार विनोद कड़वासरा, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। शिविर की सबसे उल्लेखनीय सफलता एक बुजुर्ग किसान की समस्या का त्वरित समाधान रही। बुजुर्ग किसान ने शिकायत की कि उसके राजस्व रिकॉर्ड में नाम काना दर्ज है जबकि उसका सही नाम थाना है। शिविर प्रभारी एवं पटवारी हल्का ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उपस्थित ग्रामीणों तथा सरपंच से जानकारी ली, जिसमें स्पष्ट हुआ कि सही नाम थाना ही है। तहसीलदार ने तत्परता दिखाते हुए पटवारी को समस्त दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। आवश्यक दस्तावेजों की पुष्टि के उपरांत मौके पर ही नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कर बुजुर्ग किसान को संशोधित दस्तावेज सौंपे गए। इस कार्यवाही से बुजुर्ग किसान की आंखों में आभार और चेहरे पर संतोष की मुस्कान देखने को मिली। इस त्वरित न्याय से ग्रामीणों में राज्य सरकार के प्रति विश्वास और भी गहरा हुआ। मौके पर उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार का आभार जताया कि आमजन की छोटी-छोटी समस्याओं को गंभीरता से लेकर तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।