बिपरजॉय तूफान को लेकर बरतें सतर्कता-एडीएम
टोंक । अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवचरण मीना ने अति प्रचंड तूफान बिपरजॉय को मद्देनजर रखते हुए कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को समस्त विभागों के जिलाधिकारियों की बैठक लेकर राहत एवं बचाव के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि 16 से 18 जून को आने वाले संभावित बिपरजॉय तूफान को लेकर सतर्कता बरते। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने जिले के बाशिंदों से इन दिनों एहतियात बरतने को लेकर कहा है कि तेज हवाऐं चलने, मेघगर्जना एवं बारिश के दौरान घरों के अंदर सुरक्षिरत रहें, उन्होने कहा है कि इस दौरान बड़े पेड़ों के नीचे एवं कच्चे घरों में शरण लेने से बचें। तेज हवा एवं बारिश के समय पेड़ों के नीचे एवं दीवार के पास नहीं खड़े हों। पशुओं को खुले बाड़े में रखें तथा उन्हें खूंटों से नहीं बांधें तथा बिजली के खंभों के नीचे एवं आस-पास दुपहिया एवं चौपहिया वाहन खड़ें न करें। जिन परिवारों के घर यदि कच्चे, टॉपरीनुमा तथा टीनशेड है वह रात्रि विश्राम ऐसे घरों में न करें, जिन स्थानों पर बड़े होर्डिंग लगे हैं उनसे दूर रहें, बिजली के खंभों, तारों एवं ट्रांसफॉर्मर आदि से पर्याप्त दूरी बनाए रखें एवं नजदीकी सुरक्षित स्थान पर शरण लें। तेज बहाव में वाहन न उतारें तथा आपात स्थिति में टॉर्च, रेनकोट एवं छाते का इस्तेमाल करें। बैटरी से संचालित मोबाइल, इंवर्टर इत्यादि उपकरणों को फुल चार्ज करके रखें। किसी भी आपात स्थिति में नियंत्रण कक्ष पर सूचना दें। एडीएम ने जिले के समस्त राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों को इन तीन दिवसों में अपने विद्यालय के एक कार्मिक को निरंतर विद्यालय में उपस्थित रहने हेतु आदेशित करने के निर्देश प्रदान किये गए है। समस्त विद्यालय भवन इस अवधि में आवश्यकता होने पर लोगों के निवास के लिए खुले रखे जायेंगे, तथा राहत स्थल के रूप में उपयोग किये जाएंगे। टोंक जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से इन निर्देशों का पालन कर प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। चक्रवाती तूफान के दौरान उपखंड अधिकारियों, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं आयुक्त नगर परिषद/अधिशासी अधिकारी नगर पालिका समस्त को निर्देश प्रदान किये गए कि वह अपने-अपने संबंधित क्षेत्र के लिए चेतावनी प्रसारण टीम, आबादी निष्क्रमण टीम, राहत स्थल व्यवस्था टीम, खोज एवं बचाव टीम तथा क्षति आंकलन एवं राहत प्रस्ताव टीमों का तत्काल गठन कर उन्हें सक्रिय करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय को ग्राम पंचायत एवं नगर निकायों के सुजस व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिये तूफान से संबंधित सूचना एवं चेतावनी को प्रसारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बीसलपुर एसइ एवं जिला मत्स्य अधिकारी को बांध में इन तीन दिनों में तूफान एंव अतिवृष्टि के दौरान मछली पकडऩे वाली नौकाओं के संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही, डाउन स्ट्रीम में लोगों की भीड़ एकत्रित ना हो, इसके लिए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया है।