ब्यावर : आमजन की समस्याओ के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नही- मीना
- जन सुनवाई में 54 प्रकरणों पर तत्काल संज्ञान, कलेक्टर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
- जिला कलेक्टर के साथ विधायक रावत और कानावत ने सुनी जनसमस्याएं
ब्यावर। जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं सतर्कता समिति की बैठक में आमजन की 54 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से कई मामलों में ही त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर श्री कमल राम मीना ने की। बैठक में मसूदा विधायक श्री वीरेंद्र सिंह कानावत व ब्यावर विधायक श्री शंकर सिंह रावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में जहरीली गैस रिसाव पीड़ित को सरकारी सहायता नहीं मिलने के गंभीर प्रकरण पर विधायक श्री रावत ने केस पुन: सरकार को भिजवाने की मांग की, जिस पर कलेक्टर श्री मीना ने तुरंत निर्देश जारी किए। इसी प्रकार सांप काटने से मृतक के बीमा मुआवजे में देरी पर भी उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह पात्र प्रकरण है और मुआवजा अविलंब मिलना चाहिए, विधायक ने उपस्थित बैंक बीमा प्रतिनिधि से स्वयं चर्चा कर परिवादी को आश्वासन दिया। मसूदा विधायक श्री कानावत ने मसूदा क्षेत्र से आए मामलों को प्रमुखता से उठाया, जिनमें अतिक्रमण, नाले की निकासी, पेयजल संकट, जैसे मुद्दों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई के दौरान वंचित पीएम आवास योजना लाभ, भूमि आवंटन, मंदिर बाउंड्री विवाद और स्पीड ब्रेकर, सीमेंट फैक्ट्री कर्मी की बर्खास्तगी, सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा, खसरा नंबर की त्रुटियां, सिलिकोसिस पीड़ित की सहायता की गुहार, पाइपलाइन लीकेज व अवैध शराब बिक्री जैसे संवेदनशील मामलों पर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। कलेक्टर श्री मीना ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी फील्ड अधिकारी जांच के दौरान परिवादी से मिले बिना रिपोर्ट न बनाए। यदि किसी और व्यक्ति से कथन लेकर खानापूर्ति की गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कई मामलों में विभागीय व पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही फोन कर जरूरी निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री मोहनलाल खटनावलिया, एसीईओ श्री गोपाललाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। श्री मीना ने चेतावनी दी कि आमजन की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।