ब्यावर : घट स्थापना के साथ शहर में शुरु हुआ नवरात्र पर्व
- दस दिनों तक चलेगा देवी की आराधना का दौर
ब्यावर। शहर में सोमवार से घट स्थापना के साथ शारदीय नवरात्र पर्व का शुभारंभ हुआ। नवरात्र स्थापना के मौके पर शहर के विभिन्न देवी मंदिरों व घरों में घट स्थापना हुई। वहीं देवी मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान लोगों ने मां को रिझाने के लिए उपवास भी रखे। नवरात्री के दौरान मां दुर्गा के सभी नौ रूपों की पूजा की जाती है। नवरात्रि के नौ दिनों को बेहद पवित्र माना जाता है। इस दौरान लोग देवी के नौ रूपों की विधि विधान के साथ पूजा-अर्चना कर उनसे आशीर्वाद मांगते हैं, मान्यता है कि इन दस दिनों में जो भी सच्चे मन से मां अंबे की पूजा करता है उसकी सभी इच्छाएं माता पूर्ण करती हैं। इस बार शारदीय नवरात्री एक अक्टूबर तक हैं। वहीं 2 अक्टूबर को विजयदशमी पर्व मनाया जाएगा। भक्त पूरे दस दिनों तक व्रत उपवास रखने का संकल्प लेते हैं। नवरात्र स्थापना के मौके पर ब्यावर खास रोड डूंगरी स्थित ज्वालामुखी माता मंदिर, टॉडगढ़ रोड स्थित आशापुरा माता मंदिर तथा सूरजपोल गेट स्थित प्राचीन काली माता मंदिर में घट स्थापना के साथ पूजा-अर्चना की गई। नवरात्र स्थापना के मौके पर डूंगरी स्थित ज्वालामुखी माता मंदिर में आयोजित आरती में बड़ी संख्खया में शहरवासियों ने भाग लिया। इसी प्रकार शहर के टाटगढ़ रोड स्थित आशापुरा माता मंदिर में घट स्थापना के नवरात्र पर्व शुरू हुए।