बहरोड़: कस्बे सहित ग्रामीण क्षेत्र में बारिश से बिगड़े हालात
बहरोड़। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से मौसम बदला हुआ है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। पिछले 24 घंटे में 44 एमएम और 36 घंटे में 67 एमएम बारिश दर्ज की गई। मंगलवार सुबह से ही रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी है। बारिश ने निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति और बिगाड़ दी। कस्बे में पोस्ट ऑफिस के सामने सबसे ज्यादा समस्या बनी हुई है।, जहां पानी निकासी का स्थाई समाधान नहीं होने से आमजन को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। नेशनल हाईवे-48 पर दादा की ढाणी के पास भी पानी निकासी बंद होने से हाईवे और सर्विस रोड के बीच नाला दिखाई नहीं दे रहा है। जिससे वाहनों के चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस थाने के पीछे मानपुरा मोहल्ले में भी पानी भर गया है। मौहल्ले के लोग दूसरे वार्डों और मोहल्लों की गलियों से होकर घरों तक पहुंच रहे हैं। जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर भी जलभराव की समस्या है। अस्पताल गेट पर बने गड्ढे के कारण बाइक गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं ग्रामीण इलाकों में भी बारिश से खेतों में कटी पड़ी बाजरे की फसल बर्बाद हो रही है। जिससे किसानों को भारी नुकसान की आशंका है। लोगों का कहना है कि हर बार बारिश होते ही हालात बिगड़ जाते हैं, लेकिन कोई स्थाई समाधान नहीं हो रहा है।