मोदी के 12 साल पर भजनलाल का संदेश, देश में बदलाव की गिनाईं उपलब्धियां
जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को जयपुर स्थित मोती डूंगरी गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश की समृद्धि के साथ-साथ प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में लिए गए कई महत्वपूर्ण निर्णयों ने देश की दिशा और दशा बदलने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में हुए कार्यों का प्रभाव आज देशभर में दिखाई दे रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास किया है। उनके अनुसार विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है।
भजनलाल शर्मा ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मोर्चे पर भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने नक्सलवाद और आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्रवाइयों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश आज पहले की तुलना में अधिक मजबूत और सुरक्षित महसूस करता है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत की प्रतिष्ठा में लगातार वृद्धि हुई है। वैश्विक मंचों पर भारत की मजबूत उपस्थिति और बढ़ता प्रभाव प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी द्वारा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में स्थापित किए गए नए रिकॉर्ड का भी उल्लेख किया। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और उनसे आत्मीय संवाद भी किया। इस अवसर पर विधायक कालीचरण सराफ सहित कई जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।