शहरवासियों के लिए बड़ी राहत, 12 जून से शुरू होंगे शहरी सेवा शिविर
बूंदी। शहरों में रहने वाले लोगों को सरकारी सेवाएं और योजनाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने के लिए जिले में 12 जून से ‘शहरी सेवा शिविर-2026’ अभियान शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 15 जुलाई तक चलेगा, जिसके दौरान विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों में शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि शिविरों का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
शिविरों में भूमि एवं संपत्ति से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें पट्टा जारी करना, नामांतरण, भू-उपयोग परिवर्तन, भवन निर्माण स्वीकृति, उपविभाजन, लीज होल्ड से फ्री होल्ड परिवर्तन और ब्याज में छूट जैसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इसके साथ ही जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस तथा ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र भी जारी किए जाएंगे।
अभियान के दौरान नगर क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने, नालियों और सीवर लाइनों की मरम्मत, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा पार्कों, सामुदायिक भवनों और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जाएगा।
शिविरों में मुख्यमंत्री निःशुल्क बिजली योजना, अटल पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और दिव्यांगजन पेंशन जैसी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। पात्र व्यक्तियों को मौके पर स्वीकृति प्रदान करने की भी व्यवस्था रहेगी। साथ ही यूडी टैक्स जमा करने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर परिषद बूंदी सहित लाखेरी, हिंडोली, केशवरायपाटन, इंद्रगढ़, देई और कापरेन नगरपालिकाओं में वार्डवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित शिविर में पहुंचकर विभिन्न सेवाओं और योजनाओं का लाभ उठाएं।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस अभियान से शहरवासियों की लंबित समस्याओं का तेजी से समाधान होगा और सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंच सकेगा।