बिजयनगर : प्राज्ञ महाविद्यालय में इंस्टीट्यूट इनोवेशन काउंसिल की पहली बैठक आयोजित
बिजयनगर। प्राज्ञ महाविद्यालय में इंस्टीट्यूट इनोवेशन काउंसिल (आई.आई.सी) की प्रथम बैठक 8 जुलाई को महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित की गई। यह बैठक नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही। बैठक की अध्यक्षता महाविद्यालय के निदेशक (आई.आई.सी) एवं के अध्यक्ष डॉ. नवल सिंह जैन ने की, जबकि महाविद्यालय की प्राचार्य एवं (आई.आई.सी) की उपाध्यक्ष डॉ. दुर्गा कंवर मेवाड़ा ने बैठक का संचालन किया। काउंसिल में चयनित शिक्षकों एवं छात्र प्रतिनिधियों की उपस्थिति सराहनीय रही। बैठक में काउंसिल की संरचना का गठन किया गया और सदस्यों को उनके उत्तरदायित्व सौंपे गए। साथ ही शैक्षणिक वर्ष के लिए नवाचार से संबंधित गतिविधियों की रूपरेखा, छात्र स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने की रणनीतियाँ एवं औद्योगिक सहयोग पर भी चर्चा की गई। डॉ. नवल सिंह जैन ने उच्च शिक्षा में नवाचार की संस्कृति विकसित करने पर बल दिया, वहीं डॉ. दुर्गा कंवर मेवाड़ा ने युवाओं में रचनात्मक सोच और समस्या समाधान क्षमता को बढ़ाने में (आई.आई.सी) की भूमिका को रेखांकित किया। बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि श्री प्राज्ञ महाविद्यालय को नवाचार की गतिविधियों का एक सशक्त केंद्र बनाया जाएगा, जो शिक्षा मंत्रालय की इनोवेशन सेल (एम आई सी ) के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेगा।