गुरुग्राम शहर में बाइक गिरोह फिर सक्रिय, बुजुर्ग महिला से लूटी चेन
गुरुग्राम। शहर में बाइक गिरोह फिर सक्रिय हो गया है। बजघेड़ा थाना क्षेत्र के न्यू पालम विहार में पोते को स्कूल से वापस घर ले जा रही एक 60 वर्षीय महिला के गले से बाइक सवार नकाबपोश दो बदमाश चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की शिकायत पर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। न्यू पालम विहार के सराय चौक निवासी अनीता रोहिल्ला ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह बुधवार दोपहर अपने पोते पांच वर्षीय पुर्विक को स्कूल से लेकर घर जा रही थीं। जब वह घर के सामने पहुंचीं तो दो नकाबपोश युवक एक बाइक पर सवार होकर आए।
एक युवक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा युवक बाइक से उतरकर उनके पास आया। युवक ने उनसे पता पूछने के बहाने बात शुरू की। इसके बाद वह उनके गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। शिकायत के बाद थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की।
आरोपितों की तलाश शुरू
थाना प्रभारी ने कहा कि मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि इस एक सप्ताह में विभिन्न क्षेत्रों में बाइक सवार बदमाशों ने पांच से ज्यादा लोगों के मोबाइल फोन छीन लिए। वहीं करीब दो महीने पहले शहर में कई महिलाओं से चेन लूटने की वारदात हुई थीं।