बीसलपुर पेयजल योजना प्रगति की समीक्षा बैठक सम्पन्न
टोंक। बीसलपुर पेयजल परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा बैठक जिला प्रमुख सरोज बंसल की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय जिला परिषद में आयोजित की गई। इस अवसर पर जिले में बीसलपुर पेयजल योजना के अंतर्गत अब तक हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बीसलपुर परियोजना के अधीक्षण अभियंता भवानी सिंह ने जिला प्रमुख को अवगत कराया कि टोंक जिले के देवली, उनियारा तथा निवाई के 464 गांव तथा 755 ढाणीयों में पाईप लाईन बिछाकर 64 हजार नल कनेक्शन दिए जाने हैं, तथा 1 हजार 400 किलोमीटर पाईप लाईन डालने का कार्य किया जाना है, इसमें से 1 हजार 100 किलोमीटर की पाईप लाईन डाली जा चुकी है तथा 22 हजार नल कनेक्शन घरों में दिए जा चुके हैं, तथा 47 टंकियों का निर्माण किया जाना है, इसमें से 10 टंकियां बनाई जा चुकी है एवं 20 टंकियों का निर्माण कार्य चल रहा है। इस प्रकार लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है तथा मार्च 2024 तक संपूर्ण कार्य पूर्ण कर दिये जायेगें। जिला प्रमुख सरोज बंसल ने इस अवसर पर अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत किए जाने वाले कार्य शीघ्र पूरे किये जाएं। कई गांव ऐसे हैं, जहां पर पाईप लाईन एवं पीएसपी के कनेक्शन होने के बावजूद भी गांव में पानी नहीं मिल पा रहा है जिससे ग्रामवासी परेशान है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध कनेक्शनों को कटवा कर पानी की व्यवस्था कराई जावे। बैठक में अधिशासी अभियंता बीसलपुर पेयजल परियोजना जेपी मीणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नरेश बंसल, सत्य नारायण चंदेल, जिला परिषद सदस्य अनीता देवी बैरवा के प्रतिनिधि मोहन लाल बैरवा आदि मौजूद थे।