भाजपा प्रतिनिधिमंडल पहुंचा मालपुरा, घायलों से ली जानकारी
प्रदेश में तुष्टीकरण का माहौल है-राज्यवर्धन सिंह राठौड़
टोंक । मालपुरा के पुरानी तहसील में 23 अप्रैल को हुई पत्थरबाजी के मामले में प्रदेशस्तरीय भाजपा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने घायल हुए पीडि़तों से मुलाकात कर घटना के बारे में पूरी जानकारी ली। इस दौरान पीडि़तों ने प्रतिनिधि मंडल से मौहल्ले में पुलिस चौकी स्थापित कर सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बुधवार को भाजपा के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य पूर्व केन्द्रिय मंत्री व सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़, विधायक मदन दिलावर, सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया, विधायक कन्हैया लाल चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेंद्र पराणा, जिला प्रमुख सरोज बंसल, पालिकाध्यक्ष सोनिया सोनी आदि ने मालपुरा में पुरानी तहसील में स्थित गुर्जर मोहल्ले में विगत दिनों दो समुदायों के बीच हुई पत्थरबाजी की घटना में घायल पीडि़तों की कुशलक्षेम पूछते हुए मामले की पूरी जानकारी ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रदेश में तुष्टीकरण का माहौल है, कांग्रेस ने देश का विभाजन कर पाकिस्तान को जन्म दिया था, लेकिन आज देश में कई मिनी पाकिस्तान बने हुए हैं। राज्य सरकार के पाप का घड़ा भर चुका है, वह जल्दी ही फूटने के कगार पर है। सरकार को असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना चाहिए। उन्होने कहा कि मालपुरा की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है, यहां के लोगों को पलायन के लिए मजबूर किया जा रहा है, जो प्रशासन व राजस्थान सरकार की नाकामी का सबूत है। पीडि़तों ने भाजपा नेताओं को बताया कि 23 अप्रैल को तेज रफ्तार से बाइक को चलाने के मामले में उलाहना देने पर एक पक्ष द्वारा घरों में घुसकर मारपीट कर पत्थरबाजी की गई, जिससे कई लोगों के चोंटे आई है। प्रशासन द्वारा गली में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए गए हैं और ना ही यहा कोई पुलिस चौकी है, जो लगाई जावे।