बीजेपी ने राजनैतिक फायदे के लिये संभल-बहराइच में कराई हिंसा: सपा
लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक फायदे के लिए संभल की घटना कराई है। 17 दिसंबर को विधानसभा में अपने संबोधन में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय ने सरकार से कहा कि प्रदेश को सांप्रदायिकता की आग में जाने से बचाइये। इससे आपसी भाईचारा टूटेगा। विधानसभा में सपा ने संभल व बहराइच की घटना पर सरकार को घेरने की कोशिश की। सपा सदस्य व संभल के विधायक इकबाल महमूद का नाम लेकर सीएम योगी ने बयान दिया था इस पर महमूद ने कहा कि उपचुनाव में वोट डालने नहीं दिया गया।
23 नवंबर को उपचुनाव का परिणाम आया, अगले ही दिन 24 नवंबर को फिर से सर्वे टीम पहुंच गई। वहां जय श्रीराम के नारे लगाए गए। इससे वहां तनाव हो गया। मैं और मेरा बेटा वहां नहीं थे फिर भी हमारे नाम आ गए। भाजपा ने राजनीतिक फायदे के लिए यह घटना कराई। सपा विधायक ने मुख्यमंत्री योगी के बटेंगे तो कटेंगे के नारे को याद करते हुए कहा कि फिर आप हमें क्यों बांट रहे हो। हमारे ऊपर बहुत अत्याचार हो रहा है। सपा के प्रतिनिधिमंडल को वहां क्यों नहीं जाने दिया गया, आखिर सरकार क्या छुपाना चाहती है। वहीं माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि बहराइच में यदि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल होता तो वहां दंगा न होता। इस घटना की जांच करा लीजिए। संभल में मंदिर मिलने पर कहा कि मंदिर का कोई विरोधी नहीं है, वहां पहले से मंदिर था फिर क्यों कहा जा रहा है कि मंदिर मिल गया।