Dark Mode
वोट मांगने के लिए विभाजनकारी रणनीति पर भरोसा कर रही है भाजपा : भगवंत मान

वोट मांगने के लिए विभाजनकारी रणनीति पर भरोसा कर रही है भाजपा : भगवंत मान

होशियारपुर। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर वोट मांगने के लिए विभाजनकारी रणनीति पर भरोसा करने और लोगों की सेवा करने के अपने कर्तव्य की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने होशियारपुर लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राज कुमार चब्बेवाल के प्रचार के लिए आयोजित एक रैली में कहा कि पिछले 10 वर्ष से केंद्र में सत्ता में होने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) धर्म और जाति के आधार पर वोट मांग रही है क्योंकि वे अपने काम का हिसाब नहीं दे सके हैं।

मान ने आरोप लगाया कि भाजपा देश के लिए सार्थक प्रगति और विकास देने में विफल रही है, जनता की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के बजाय, भाजपा ने चुनावी समर्थन हासिल करने के लिए धार्मिक और जातिगत पहचान का फायदा उठाया है। उन्होंने कहा कि यह रणनीति सामाजिक ताने-बाने के लिए हानिकारक है क्योंकि यह विभाजन को बढ़ा रही है और वास्तविक प्रगति में बाधा डाल रही है।

मान ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार पर भाई-भतीजावाद की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि उसने मूल्यवान सरकारी संस्थानों को अपने पसंदीदा सहयोगियों को बेच दिया है, जिससे सार्वजनिक हित की कीमत पर कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा हुआ है। मान ने कहा कि भाजपा आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल को कैद कर सकती है, लेकिन उनके विचारों को दबा नहीं सकती।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!