बड़बोले भाजपा नेता ज्ञानदेव आहूजा पार्टी से सस्पेंड,नोटिस हुआ जारी
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर कमेंट के बाद पार्टी ने तीन दिन में जवाब मांगा
JAIPUR/ALWAR । बीजेपी के अलवर के रामगढ़ से पूर्व विधायक और बड़बोले नेता ज्ञान देव आहूजा की ओर से नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली पर की गई टिप्पणी के बाद पार्टी ने उनको प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है। साथ ही, कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तीन दिन में भाजपा ने आहूजा से जवाब मांगा है। वही आहूजा के खिलाफ विरोध थम नहीं रहा है। कई सामाजिक संगठन आहूजा का विरोध कर रहे हैं। सोमवार देर रात जयपुर में मानसरोवर स्थित आहूजा के आवास के बाहर लगे नेम प्लेट पर कालिख पोत दी गई। आजाद विद्रोही संस्था के फाउंडर और संवैधानिक विचार मंच राजस्थान के कुछ समर्थकों के साथ काला रंग लेकर आहूजा के आवास पहुंचे। उन्होंने घर के बाहर लगी मेन प्लेट पर कालिख पोती। आहूजा के खिलाफ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।