Dark Mode
लाल डायरी के राज खोलेगी भाजपा: मोदी

लाल डायरी के राज खोलेगी भाजपा: मोदी

गहलोत व कांग्रेस पर गरजे मोदी, कहा- कांग्रेस की पहली और आखिरी नीति तुष्टिकरण

जोधपुर। राजस्थान में इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की सियासी जमीन को मजबूती देने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने कमान संभाल ली है। पीएम मोदी ने गुरुवार को रावण का चबूतरा मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए गहलोत सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सीएम अशोक गहलोत के सरकारी कार्यक्रम में नहीं आने पर भी तंज कसा। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि गहलोतजी अब आप आराम कीजिए, आगे हम संभाल लेंगे। मोदी ने गहलोत को निशाने पर लेने का यही मौका नहीं छोड़ा, उन्होंने एक के बाद एक कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर कई आरोप लगाए। साथ ही यह भी कहा कि कांग्रेस की पहली और आखिरी नीति तुष्टीकरण है। अगर भाजपा सत्ता में आई तो लाल डायरी के काले कारनामे बाहर आएंगे।

जोधपुर में एक बार फिर पीएम मोदी ने कहा कि गहलोत बीते 5 साल के दौरान अपनी कुर्सी की लड़ाई लड़ रहे थे। उन्होंने राजस्थान के विकास पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया। मोदी ने कहा कि राजस्थान में सांप्रदायिक हिंसा, अपराध और महिला अत्याचारों में कांग्रेस राज के दौरान इजाफा देखने को मिला है। इस दौरान उन्होंने आह्वान किया कि अगर भाजपा सरकार आएगी, तो वह राजस्थान में अपराधों से जुड़ी समस्या का हल करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसभा के दौरान लोगों से लाल डायरी को लेकर जानकारी के बारे में पूछा और कहा कि इस कांग्रेस सरकार में करप्शन के इन काले कारनामों को भाजपा की सरकार आने पर बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पेपर लीक माफिया को चुनाव के बाद आने वाली भाजपा सरकार सख्त कार्रवाई के जरिए निशाने पर लेगी। उन्होंने कहा कि जहां कानून व्यवस्था खराब होती है, वहां निवेश नहीं होता है। भाजपा सरकार आएगी तो रोजगार भी लाएगी।


धार्मिक हिंसा का किया जिक्र
पीएम मोदी ने जनता से पूछा कि जब जोधपुर दंगों से जल रहा था, तब मुख्यमंत्री क्या कर रहे थे? जब हिंसा से लोग परेशान थे, तब कांग्रेस के नेता क्या कर रहे थे? मोदी ने पूछा कि क्या कांग्रेस की पहली और आखिरी नीति तुष्टिकरण ही है। उन्होंने कहा कि यहां की सरकार को अपने वोट बैंक की चिंता सताती रहती है। मोदी ने कहा कि रामनवमी, परशुराम जयंती और हनुमान जयंती कोई भी त्योहार ऐसा नहीं है, जब राजस्थान से पत्थरबाजी की खबरें नहीं आती हों। उन्होंने शांतिप्रिय जोधपुर में गैंगवार, अपहरण और रंगदारी जैसे मामलों को लेकर भी कांग्रेस सरकार को आड़े हाथ लिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जोधपुर में आयोजित जनसभा के दौरान अपने कार्यकाल के दौरान अर्जित की गई उपलब्धियां का भी जिक्र किया। उन्होंने मिशन चंद्रयान की बात की तो साथ में राजस्थान तक नर्मदा के पानी को पहुंचाने की भी चर्चा की। मोदी ने बताया कि कैसे उनके कार्यकाल में देश ने आर्थिक तरक्की की है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले वक्त में वे भारत को दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित करेंगे।


पेपर लीक माफियाओं को मिटा देंगे
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पेपर लीक माफिया ने यहां के लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। राजस्थान का युवा इंसाफ मांग रहा है। चुनाव के समय बेरोजगारी भत्ते का वादा करने वाली कांग्रेस ने युवाओं को माफियाओं के हवाले कर दिया। ऐसे हर माफियाओं के खिलाफ भाजपा सरकार सख्त कार्रवाई करेगी और उन्हें मिटा देगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बेटियों की परेशानी से मतलब नहीं है। पानी की समस्या राजस्थान में है, हम हर घर में नल कनेक्शन पहुंचाना चाहते हैं, लेकिन यहां की सरकार काम में रुकावट डाल रही है। यहां तो पानी की योजना में भी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। हिंदुस्तान के कई राज्य पानी के लिए मार-काटने वाली लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन भाजपा का चरित्र देखिए कि जब गुजरात में मैं सीएम था, तो नर्मदा के पानी की राजस्थान को जरूरत थी। हमने एक घंटा नहीं लगाया, यह हम उपकार नहीं कर रहे, हम गर्व करते हैं।


कांग्रेस विधायक खुद असुरक्षित महसूस कर रही
उन्होंने कहा कि यहां की कांग्रेस विधायक खुद असुरक्षित महसूस करती है। जोधपुर, सांचौर, जालोर में बेटियों के खिलाफ अपराध हुए। भाजपा आएगी तो महिला सुरक्षा लाएगी। कांग्रेस वाले आए दिन देश की बेटियों के लिए अपमानजनक शब्द का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कहा कि आजकल एक फिल्म आई है, जिसका नाम वैक्सीन वॉर है। उस फिल्म में बढिय़ा तरीके से वैज्ञानिकों की मेहनत को दर्शाया है। मैं फिल्म बनाने वालों को बधाई देता हूं कि आपने विज्ञान की ताकत दिखाई।


एयरपोर्ट से शानदार रेलवे स्टेशन बनाउंगा
उन्होंने कहा एयरपोर्ट शानदार बनाने का फैशन है, क्योंकि वहां बड़े-बड़े लोग जाते हैं। गरीब रेलवे स्टेशन जाता है, इसलिए मैं रेलवे स्टेशनों को एयरपोर्ट से भी बढिय़ा बना दूंगा। इसमें जोधपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऐलान किया है कि अब उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर सिर्फ 600 रुपए में मिलेगा। इससे सभी बहनें त्योहारों को ज्यादा उमंग से मनाएंगी। इससे देशभर की महिलाओं के साथ-साथ राजस्थान के भी 70 लाख परिवारों को फायदा मिलेगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!