 
                        
        उदयपुर शहर से भाजपा के ताराचंद जैन और नाथद्वारा से विश्वराज जीते
उदयपुर. विधानसभा आम चुनाव-2023 के तहत 25 नवम्बर को हुए मतदान के बाद पिछले एक सप्ताह से ईवीएम में लॉक प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला रविवार दोपहर में ही साफ होने लगा। उदयपुर जिले की आठ विधानसभाओं में सबसे पहले उदयपुर शहर विधानसभा का परिणाम सामने आया। यहां भाजपा के प्रत्याशी ताराचंद जैन ने कांग्रेस के गाैरव वल्लभ को 32256 मतों से पराजित किया। 17वें राउंड की गिनती दोपहर करीब सवा दो बजे पूरी हुई। इधर संभाग की बड़े चेहरों वाली नाथद्वारा सीट पर भाजपा के विश्वराजसिंह ने कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. सीपी जोशी को हराया। विश्वराजसिंह को 94243 वोट मिले, उन्होंने 7636 मतों से जीत दर्ज की।
उदयपुर विधानसभा के पहले से पांचवें राउंड तक कभी भाजपा तो कभा कांग्रेस आगे-पीछे रही। इसके बाद भाजपा के ताराचंद जैन ने बढ़त हासिल करना शुरू किया। 11वें राउंड में ही जैन ने वल्लभ को 20 हजार से अधिक मतों से पीछे छोड़ दिया। जैन की बढ़त का सिलसिला अंतिम 17वें राउंड तक जारी रहा। अंतिम राउंड की गणना दोपहर करीब सवा दो बजे पूरी हुई। इसमें भाजपा के ताराचंद जैन ने कांग्रेस के गौरव वल्लभ को एतिहासिक 32256 मतों से पराजित किया। इस दौरान अन्य विधानसभा की मतगणना जारी थी।
 
                                                                        
                                                                    