युवा महोत्सव का ब्लॉक स्तरीय आयोजन
सूरतगढ़ . राजस्थान युवा बोर्ड की ओर से आयोजित युवा महोत्सव का ब्लॉक स्तरीय आयोजन सोमवार को स्थानीय राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। महोत्सव की शुरुआत पूर्व पीसीसी सदस्य हनुमान मील ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ की। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता करते हुए मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी नरेश कुमार रिणवा ने कहा कि लोक कलाएं जीवन में आनंद और उत्साह में वृद्धि करती है। उनका सरंक्षण किया जाना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोक कलाओं के संरक्षण के लिए राजस्थान सरकार ने एक महत्वकांक्षी योजना युवा महोत्सव के रूप में शुरू की है। कार्यक्रम में जवाहर नवोदय विद्यालय प्राचार्य राम अवतार बुरड़क जिला लोकपाल अनिल धानुका, बीसीएमओ डॉ मनोज अग्रवाल, माता जीतोजी कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ मोहिनी दहिया, मॉडल स्कूल के प्रधानाचार्य बजरंग लाल, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य पुष्कर लाल, पार्षद बसंत बोहरा, भैरूपुरा सिलवानी प्रधानाचार्य मदन गोपाल लढ़ा, गांधी दर्शन समिति से जुड़े सदस्य तथा स्काउट प्रतिनिधि उपस्थित थे। आयोजक विद्यालय की प्रधानाचार्य मोहिनी पुरी ने आमंत्रित अतिथियों का स्वागत किया और लोक कलाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। शारीरिक शिक्षक संजीव भारद्वाज ने आयोजन का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। युवा महोत्सव के तहत गायन वादन नृत्य कविता लेखन नाटक मंचन आदि विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिनमें श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय कार्यक्रम के लिए किया गया।