खसरा रूबैला उन्मूलन के लिए ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित
धौलपुर । खसरा रूबैला उन्मूलन के लिए ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक उपखण्ड अधिकारी अनूप सिंह की अध्यक्षता में पंचायत समिति सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में उपखण्ड अधिकारी ने खसरा रूबैला शत प्रतिशत टीकाकरण हेतु कार्य योजना बनाकर अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुऐ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि सभी चिकित्सा प्रभारी एमआर1 तथा एमआर2 टीकाकरण में शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें। सभी चिकित्सा प्रभारी टीकाकरण कार्यक्रम की नियमित मॉनीटरिंग करें। टीकाकरण सत्रा लगाने से पूर्व आशा सहयोगिनी के माध्यम से क्षेत्रा में टीकाकरण से वंचित बच्चों की ड्यू लिस्ट तैयार करना सुनिश्चित करें। टीकाकरण अभियान की जानकारी के लिए पर्याप्त आईईसी करना सुनिश्चित करें। सरकारी निजी विद्यालयों आंगनबाडी केन्द्रों पर स्वयं सेवी संस्थाओं के माध्यम से टीकाकरण हेतु जागरूक करने का कार्य करें। टीकाकरण अभियान की सफलता के लिए हाई रिस्क एरिया, ईट,भटट्ा, मजदूर तथा फुटपाथ पर रहने वाले बच्चों का टीकाकरण करना सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शिवकुमार शर्मा ने बताया कि एमआर का टीका 9 माह तथा 16 से 24 माह पर लगाया जाता है। अभियान के दौरान 5 वर्ष तक के उन सभी बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा जो अभी तक टीकाकरण से वंचित रह गये है। बैठक के दौरान बीसीएमओ धौलपुर डॉ. हरीओम, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबन्धक सुमित शर्मा, पीरामल फाउन्डेशन से संतोष उपाध्याय सहित अन्य चिकित्सा प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।