Dark Mode
विकसित भारत-जनसेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन

विकसित भारत-जनसेवा अभियान के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन

जयपुर। प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, श्रीमती गायत्री राठौड़ ने गुरुवार को जयपुर के राजकीय जयपुरिया अस्पताल में विकसित भारत-जनसेवा अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने शिविर में रक्तदान कर रहे लोगों से बातचीत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी ली। इस अवसर पर श्रीमती राठौड़ ने 35वीं बार रक्तदान करने वाले अरविंद कुमार से विशेष रूप से बातचीत की। उन्होंने अरविंद कुमार के नियमित रक्तदान के संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित रक्तदाताओं की सहभागिता से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। श्रीमती राठौड़ ने शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानव सेवा की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता पड़ सकती है। ऐसे में स्वस्थ एवं पात्र व्यक्तियों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि रक्तदान का प्रत्येक प्रयास किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है। उन्होंने आमजन से नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान जयपुरिया अस्पताल प्रशासन के अधिकारी, चिकित्सक, नर्सिंग एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!