Dark Mode
जयपुर में आज से रक्तदान अभियान, कलेक्टर ने भी किया दान

जयपुर में आज से रक्तदान अभियान, कलेक्टर ने भी किया दान

जयपुर। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर जयपुर में एक महीने तक स्वैच्छिक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह अभियान 17 अक्टूबर 2026 तक जारी रहेगा। इस दौरान रक्तदान शिविरों के अलावा लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के लिए अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

अभियान के दौरान जिला कलेक्टर संदेश नायक ने किशनपोल स्थित सैटेलाइट अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। उन्होंने लोगों से इस मुहिम से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति के लिए जीवन बचाने वाला कदम साबित हो सकता है।

संदेश नायक ने कहा कि रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने नागरिकों से साल में कम से कम दो बार रक्तदान करने का आग्रह किया। इस वर्ष अभियान की थीम “One Drop of Humanity- Give Blood- Save Lives” रखी गई है।

अभियान के तहत ब्लॉक और जिला स्तर पर जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और अन्य संगठनों की मदद से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को स्वैच्छिक रक्तदाता के रूप में पंजीकरण कराने और नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप-जिला अस्पताल, जिला अस्पताल, मेडिकल कॉलेज से जुड़े ब्लड सेंटर और अन्य ब्लड सेंटर पर रक्त समूह की जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसका उद्देश्य संभावित रक्तदाताओं को रक्तदान प्रक्रिया से जोड़ना है।

राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस 1 अक्टूबर 2026 को मनाया जाएगा। इस अवसर पर सरकारी और निजी अस्पतालों, चिकित्सा संस्थानों तथा ब्लड सेंटरों में विशेष गतिविधियां आयोजित होंगी। अभियान में खास तौर पर युवाओं, पहली बार रक्तदान करने वालों और सामुदायिक संगठनों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

कार्यक्रम में जयपुर के संभागीय आयुक्त वे. सरवण कुमार, अतिरिक्त जिला कलक्टर जयपुर शहर उत्तर राजेंद्र सिंह, सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत, ओलंपियन गोपाल सैनी समेत चिकित्सक, मेडिकल एवं नर्सिंग स्टाफ और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

 

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!