Dark Mode
क्रिकेट मैदान में खूनी संघर्ष, युवक पर चाकू से हमला

क्रिकेट मैदान में खूनी संघर्ष, युवक पर चाकू से हमला

गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज में क्रिकेट खेलने को लेकर हुई चाकूबाजी में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गोपालगंज से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। यह घटना कटेया थाना क्षेत्र के रामपुर ब्रह्मस्थान गांव की है। घायल युवक की पहचान रामपुर गांव के कमलेश कुशवाहा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रामपुर गांव में क्रिकेट खेलने के दौरान कुछ युवकों के बीच विवाद हो गया। इसी विवाद को लेकर हुई चाकूबाजी में कमलेश कुशवाहा पर चाकू से हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कमलेश को आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारा, जिससे वह बेहोश हो गया। इस दौरान वहां अफरातफरी मच गई। आसपास के लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने युवक की हालत को गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। इस घटना से पीड़ित के परिवार में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों को रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कमलेश कुशवाहा के परिजनों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। चाकूबाजी की घटना के बाद हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने घटनास्थल पर पहुंचकर एफएसएल टीम की मदद से पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकूबाजी की घटना में संलिप्त नूर आलम और हनान मियां को गिरफ्तार कर लिया है। हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि कटेया थाना अंतर्गत पंचदेवरी प्रखंड के रामपुर ब्रह्मस्थान के समीप एक चाकूबाजी की घटना हुई है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल पहुंचकर जांच की है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना क्रिकेट खेलने के विवाद को लेकर हुई थी। फिलहाल, आगे की कार्रवाई जारी है।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!