लापता महिला का कुएं में मिला शव
टोंक । मेहंदवास थाना क्षेत्र के ग्राम बाड़ा अब्दुलापुरा में सोमवार अल सुबह लापता हुई महिला का शव मंगलवार शाम को उसके खेत के कुएं में पाये जाने से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर मेहंदवास थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालाकर सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने बुधवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों सुपुर्द किया। मेहन्दवास थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने बताया कि बाड़ा अब्दुल्लापुरा निवासी सीता गुर्जर पत्नी ओमप्रकाश गुर्जर रविवार रात को सोते समय अपने पति से कहा था कि कल सुबह जल्दी में खेत पर रजकें की सिंचाई करने जाउंगी । ओमप्रकाश सुबह उठा तो सीता घर पर नही मिली। फिर ओमप्रकाश ने सोचा कि वह खेत पर गई होगी। ओमप्रकाश भी कुछ देर बाद खेत पर गया, जहां सीता दिखाई नहीं देने पर उसेे आस-पास तलाश किया, लेकिन वह कहीं भी नहीं मिली। दिनभर तलाश करने के बाद सोमवार शाम को उसने मेहंदवास थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लापता महिला की तलाश शुरु की। उन्होने बताया कि इस दौरान ग्रामीणों को मंगलवार देर शाम महिला का शव कुएं में तैरता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने शव बाहर निकालकर सआदत अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। थाना प्रभारी उदयवीर सिंह ने संभावना जताई है कि इंजन चलाते समय महिला का संतुलन बिगडऩे से संभवत वह कुएं में गिर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।