किन्नर अखाड़े की महामंडलेश्वर के बाउंसरों ने वकील को पीटा
जयपुर। जयपुर में किन्नर अखाड़ा उज्जैन की महामंडलेश्वर काली नंद गिरी के बाउंसरों ने मामूली विवाद के बाद वकील का सिर फोड़ दिया। वीडियो बना रहे होमगार्ड को धमकी दी। मामला बनीपार्क इलाके में चिंकारा कैंटीन के पास मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।
एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया- मानसरोवर के मांग्यावास निवासी वकील कुणाल शर्मा के साथ मारपीट हुई है। वे सुबह करीब 10 बजे अपनी कार से सेशन कोर्ट आ रहे थे। चिंकारा कैंटीन की ट्रैफिक लाइट से आगे कुणाल कार खड़ी कर रहे थे।
इसी दौरान मध्यप्रदेश नंबर की छह लग्जरी गाड़ियां ओवर स्पीड में सीकर रोड की तरफ निकली। इसमें से एक गाड़ी ने वकील कुणाल की कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद काफिले की कार से उतरे बाउंसरों ने कुणाल के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो बनाने वाले होमगार्ड भूपेंद्र सिंह को भी बाउंसरों ने पकड़ कर धमकी दी।
पुलिस में वकील कुणाल शर्मा ने FIR दर्ज कराई है। कुणाल के अनुसार- यह काफिला किन्नर अखाड़ा उज्जैन की महामंडलेश्वर काली नंद गिरी का था। बाद में हरमाड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी करते हुए काफिले में शामिल एक गाड़ी को जब्त किया।