ब्रावो ने त्रिनिदाद में टीम इंडिया का वेलकम किया
आज शाम यहीं खेला जाएगा भारत-वेस्टइंडीज के बीच तीसरा मुकाबला
वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले के लिए टीम इंडिया जब त्रिनिदाद पहुंची तो होटल में विंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रॉवो ने टीम का वेलकम किया। इस दौरान टीम इंडिया के सभी खिलाड़ियों ने उनसे हाथ मिलाया। ब्रावो के साथ उनका बेटा भी वहां मौजूद था।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया और ब्रावो का यह वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा, 'जब आप त्रिनिदाद पहुंचते हैं...'
भारत और वेस्टइंडीज के बीच में खेली जा रही तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला आज यानी 1 अगस्त को त्रिनिदाद के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
दोनों टीमें सीरीज में 1-1 से बराबरी पर हैं। टीम इंडिया ने इस सीरीज के पहले मुकाबले को 5 विकेट से अपने नाम किया था। वहीं वेस्टइंडीज ने दूसरे मैच में वापसी करते हुए उसे 6 विकेट से जीत दर्ज की थी।
यह मुकाबला अहम, क्योंकि सीरीज 1-1 से बराबर
सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला अहम है, क्योंकि पिछले वनडे में भारतीय टीम के हारने के बाद सीरीज 1-1 की बराबरी पर है। तीसरा वनडे गंवाने की स्थिति में टीम इंडिया यह सीरीज भी गंवा देगी।
ब्रावो ने 2021 में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कहा था
ब्रावो ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने 40 टेस्ट, 164 वनडे और 91 टी-20 इंटरनेशनल में मैचों में वेस्टइंडीज का प्रतिनिधित्व किया है।
ब्रावो ने वेस्टइंडीज के लिए तीन ट्रॉफी जीती हैं। साल 2004 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली टीम में ब्रावो शामिल थे। इसके बाद उनकी मौजूदगी में वेस्टइंडीज 2012 और 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप का चैंपियन बना।
CSK के बॉलिंग कोच
39 साल के ब्रावो का भारत से खास जुड़ाव रहा रहा है। ब्रावो इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। हालांकि, अब IPL में ब्रावो चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए बतौर बॉलिंग कोच की भूमिका में दिखाई देते हैं। ब्रॉवो 'डीजे ब्रावो' गाने के लिए भी काफी मशहूर रहे हैं।