BRICS Summit में विश्व कल्याण पर मंथन, PM मोदी बोले- होगी सकारात्मक चर्चा
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि इस महत्वपूर्ण आयोजन में दुनिया के कई देशों के नेता एक मंच पर जुटेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सम्मेलन के दौरान वैश्विक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक विचार-विमर्श होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर हिंदी में पोस्ट करते हुए कहा कि BRICS सम्मेलन में विश्व कल्याण को ध्यान में रखकर विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने इस संदेश के साथ एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया, जिसमें अच्छे लोगों की संगति, संवाद और आपसी सद्भाव को मजबूत करने की बात कही गई है।
श्लोक के भावार्थ में कहा गया है कि व्यक्ति को सदैव सज्जनों के साथ रहना चाहिए और उनके साथ अपने संबंध मजबूत करने चाहिए। अच्छे लोगों के बीच संवाद और मित्रता बढ़ने से आपसी सद्भाव कायम होता है, जिससे शांति और सहयोग को बढ़ावा मिलता है।
भारत के पास वर्ष 2026 में BRICS की अध्यक्षता है। इसी क्रम में नई दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में BRICS के सदस्य देशों के अलावा साझेदार और अन्य आमंत्रित देशों के नेता भी शामिल होंगे।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, शिखर सम्मेलन के दौरान सदस्य देश आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर विचार करेंगे। इसके साथ ही वैश्विक और क्षेत्रीय महत्व के कई मुद्दों पर भी नेताओं के बीच विचारों का आदान-प्रदान होगा।
सम्मेलन को लेकर भारत मंडपम में भी तैयारियां तेज हैं। गुरुवार रात तक आयोजन स्थल को अंतिम रूप दिया जा रहा था। 12 और 13 सितंबर को यहां दुनिया के विभिन्न देशों से आने वाले राष्ट्राध्यक्षों, नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।
18वें BRICS शिखर सम्मेलन के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल से भी भारत मंडपम की तैयारियों की तस्वीर पेश की गई। पोस्ट में कहा गया कि दिल्ली इस खास आयोजन के लिए तैयार हो रही है और अपनी समृद्ध विरासत की झलक के साथ भारत मंडपम BRICS सम्मेलन की मेजबानी के लिए सजकर तैयार हो रहा है।