Dark Mode
बूंदी : डाबी में कुल्हाड़ी से वार कर युवक की नृशंस हत्या, नींद में होने से जान बचाने का कोई मौका तक नहीं मिला

बूंदी : डाबी में कुल्हाड़ी से वार कर युवक की नृशंस हत्या, नींद में होने से जान बचाने का कोई मौका तक नहीं मिला

  • सोते हुए युवक पर कुल्हाड़ी से हमला, रात के अंधेरे में दी वारदात को अंजाम

बूंदी। बूंदी जिले के डाबी थाना क्षेत्र के चौहानों की झोपड़ियां गांव में रविवार रात हुई वारदात ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। रविवार रात को नींद में सोते हुए युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात के अंधेरे में हुई यह वारदात इतनी नृशंस थी कि शव को देखकर ग्रामीणों की रूह कांप उठी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन इससे पहले ही पीड़ित की कोटा अस्पताल में मौत हो चुकी थी। डीएसपी हेमंत गौतम ने बताया कि मृतक युवक हरिराम किर गांव में कालू राम गुर्जर के कृषि फार्म पर हाली का काम करता था। रोज की तरह वह बीती रात फार्म पर बने झोपड़े में सो रहा था। रविवार देर रात गांव का ही मुकेश गुर्जर वहां पहुंचा और अचानक कुल्हाड़ी से हरिराम के सिर पर वार कर दिया, नींद में डूबे हरिराम के पास अपनी जान बचाने का कोई मौका तक नहीं था। गंभीर हालत में लहूलुहान हरिराम को लोगों ने तत्काल कोटा अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही डाबी थाना पुलिस और डीएसपी हेमंत गौतम घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

डीएसपी गौतम ने बताया कि प्रथम दृष्टया आरोपी मुकेश गुर्जर द्वारा हरिराम की कुल्हाड़ी से हत्या की पुष्टि हो रही है। पुलिस ने घटनास्थल से अहम सुराग जुटाए हैं और जांच में जुट गई है। उधर जिले के एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने वारदात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया है। यह टीम आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में संभावित ठिकानों की तलाश में जुटी हुई है। हरिराम की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम पसर गया। चौहानों की झोपड़ियां गांव में लोग घरों से बाहर निकल आए और हर किसी के चेहरे पर खौफ साफ दिखाई देने लगा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा, वहीं बड़ी संख्या में समाजजन कोटा अस्पताल में एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मुकेश का स्वभाव पहले से ही झगड़ालू था। कई बार विवादों में उसका नाम सामने आया, लेकिन इतनी क्रूर वारदात को अंजाम देगा, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने और मृतक परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। मृतक हरिराम किर केशवराय पाटन क्षेत्र के गरीब तबके से था और परिवार का सहारा था। हाली का काम करके वह परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी अचानक हुई मौत ने पूरे परिवार को बेसहारा कर दिया है। परिजन बार-बार यही सवाल उठा रहे हैं कि अब घर का चूल्हा कैसे जलेगा।

पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की है, वारदात ने गांव में तनाव और भय का माहौल बना दिया है। डीएसपी हेमंत गौतम ने स्पष्ट कहा है कि आरोपी चाहे जहां भी छिपा हो, उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

एसपी राजेंद्र कुमार मीणा ने भी आश्वासन दिया कि इस नृशंस हत्या में आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!