Dark Mode
बूंदी : इंडोनेशिया में राजस्थान के कोटा निवासी पति पत्नी पर हमलाकर लूट की वारदात

बूंदी : इंडोनेशिया में राजस्थान के कोटा निवासी पति पत्नी पर हमलाकर लूट की वारदात

  • रुपये और मोबाइल के साथ दोनों का पासपोर्ट भी छीनकर ले गये लुटेरे
  • कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा ने विदेश मंत्रालय से की इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी करने की मांग

बूंदी। इंडोनेशिया के बाली में शुक्रवार रात राजस्थान के कोटा निवासी भारतीय नागरिकों पर हमला हुआ है।शुक्रवार रात बाली में कोटा निवासी सौरभ रानानी व उनकी धर्मपत्नी शिवानी के ऊपर हमला कर उनके रुपये मोबाइल के साथ पासपोर्ट और अन्य सामग्री लूटकर ले गये।इसके बाद कोटा निवासी सौरभ ने बाली में पुलिस स्टेशन पर जाकर रिपोर्ट भी दर्ज करवायी। लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर औपचारिकता पूरी करने के अलावा और कोई कार्यवाही नहीं की। गनीमत रही कि लूट के दौरान दोनों पति-पत्नी को चोट नहीं आयी।

पासपोर्ट ले जाने से वापसी की चिंता- बाली में पैसे और मोबाइल के साथ पासपोर्ट भी छीनकर ले जाने से कोटा निवासी भारतीय नागरिको के साथ उनके परिजन व रिश्तेदारों को भी चिंता हुयी कि अब बिना पासपोर्ट के वापस भारत कैसे लौट पायेंगे।जिसके बाद बूंदी में रहने वाले उनके रिश्तेदार नरेश गुप्ता ने विदेश में संकटग्रस्त भारतीयों की सहायता के लिए कार्य करने वाले राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक बूंदी के कांग्रेस नेता चर्मेश शर्मा को सारे घटनाक्रम की जानकारी दी। जिसके बाद शर्मा ने इंडोनेशिया बाली में मौजूद कोटा निवासी सौरभ से दूरभाष पर वार्ता की और उनसे कहा कि आप चिंता मत किजिये ऐसी स्थिति में भारतीय दूतावास द्वारा इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी कर स्वदेश वापसी का प्रावधान है।

लिफ्ट के बहाने आये थे हमलावर- कोटा निवासी सौरभ के अनुसार शुक्रवार रात बाली में हमलावर लिफ्ट देने के बहाने आये थे। हमने लिफ्ट लेने से मना किया तो बात करते हुये अचानक हमला कर दिया। कोटा निवासी पति को जोर से धक्का देकर गिराने की कोशिश की और बैग के साथ मोबाइल,पैसे भी लूटकर भाग गये। सात समंदर पार अचानक इस तरह के हमले से कोटा निवासी विवाहित युगल के साथ उनके साथ गये दो अन्य लोग घबरा गये।

राष्ट्रपति भवन,मानवाधिकार आयोग विदेश मंत्रालय पहुंचा मामला- इंडोनेशिया में कोटा निवासी भारतीय नागरिकों पर हमले व लूट का मामले में राजस्थान बीज निगम के पूर्व निदेशक चर्मेश शर्मा ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम राष्ट्रपति सचिवालय में याचिका दायर की है। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व विदेश मंत्री एस जयशंकर के नाम विदेश मंत्रालय में भी अधिकृत शिकायत दर्ज करवाते हुये कोटा निवासी पीड़ित भारतीयों को तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने व  इंडोनेशिया में भारतीय नागरिकों  की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग ने भी इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है।शर्मा ने इस मामले में विदेश मंत्रालय व इंडोनेशिया बाली भारतीय महावाणिज्य दूतावास से संपर्क कर भारतीय नागरिकों का पासपोर्ट छीन कर ले जाने पर तत्काल उनके लिये इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी करने की भी मांग की है।

3 अक्टूबर को है भारत वापसी के टिकिट- कोटा निवासी दंपति के आगामी 3 अक्टूबर को इंडोनेशिया से भारत वापसी के टिकट है। इंडोनेशिया पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाने के बावजूद पुलिस ने अभी तक अपराधियों को पकड़ने या भारतीय नागरिकों का पासपोर्ट लुटेरों से वापस प्राप्त करने के संदर्भ में कोई कार्यवाही नहीं की है।बिना पासपोर्ट के दोनों भारत नहीं लौट पायेंगे।ऐसे में इंडोनेशिया भारतीय दूतावास के द्वारा कोटा निवासी पति पत्नी के लिये इमरजेंसी सर्टिफिकेट जारी करने के बाद ही दोनों भारत आ पाएंगे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!