बून्दी : मुआवजे संबंधी शेष प्रकरणों का जल्द करें निस्तारण - जिला कलक्टर
बून्दी। तालेड़ा उपखंड क्षेत्र में निर्माणाधीन नाॅर्दन बाईपास फेज-2 के तहत मुआवजा राशि वितरण की स्थिति तथा अवाप्त की गई भूमि का कब्जा प्राप्त करने संबंधी प्रगति की बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर अक्षय गोदारा ने समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों की भूमि अधिग्रहित की गई है, उनमें से कोई भी मुआवजा राशि से वंचित नहीं रहें। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष मुआवजे के लिए कार्यवाही कर शत-प्रतिशत निपटारा सुनिश्चित किया जावें। उन्होंने नाॅर्दन बाईपास में अधिग्रहित जमीन के शेष खसरों में मुआवजे की कारवाई आगामी 15 दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि अवाप्तशुदा भूमि का कब्जा शीघ्र लिया जावें। अवाप्तशुदा भूमि जिनके मुआवजे का भुगतान नहीं हुआ, उनका समयबद्ध निस्तारण किया जाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर सुदर्शन सिंह तोमर, तालेड़ा उपखंड अधिकारी मनस्वी नरेश, सार्वजनिक निर्माण विभाग के एसई मुकेश गुप्ता, तहसीलदार तालेड़ा मनीष मीणा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहें।