देशभर में ईद-उल-फितर का जश्न
NEW DELHI .. देशभर में गुरुवार को ईद-उल-फितर मनाई जा रही है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम नरेंद्र मोदी, समेत कई दिग्गज नेताओं और हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए ईद की मुबारकबाद दी। प्रयागराज में नमाज पढ़ने पहुंचे नमाजियों पर फूल बरसाए गए। आगरा के ताजमहल में भी हजारों नमाजियों ने ईद की नमाज पढ़ी। सिलिगुड़ी में स्टेडियम में ईद की नमाज पढ़ी गई। मध्यप्रदेश में एशिया की ताजुल मस्जिद में सबसे पहले नमाज पढ़ी गई। इस दौरान मुफ्ती अब्दुल कलाम ने मुसलमानों से गाय-बैल के कारोबार से दूर रहने की सलाह दी। यूपी में गुरुवार को ईद मनाई जा रही है। लखनऊ में ऐशबाग ईदगाह पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, डिप्टी CM ब्रजेश पाठक और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पहुंचे हैं। लोगों को ईद की बधाई दी। यूपी में करीब 29 हजार 439 मस्जिदों और 3865 ईदगाहों में ईद-उल-फितर की नमाज पढ़ी गई। कानपुर की बड़ी ईदगाह में पहली शिफ्ट में तकरीबन दो लाख लोगों ने नमाज अदा की।हरियाणा के नूंह जिले में 9 गांवों के किसानों ने ईद के त्योहार पर काली पट्टी बांधकर नमाज अदा कर अपना रोष जताया। किसानों ने कहा कि डेढ़ माह से किसान धरने पर बैठे हैं, सरकार उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहीं है। सरकार को जगाने के लिए किसानों ने ईद की नमाज काली पट्टी बांधकर अता की। किसानों को जमीन अधिग्रहण के 25-25 लाख रुपए नहीं दिए गए हैं। इसी के चलते किसान धीरदोका गांव में डेढ़ माह अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं।पटना के गांधी मैदान में हर साल की तरह इस बार भी हजारों की संख्या में अकीदतमंद ईद की नमाज पढ़ने पहुंचे। लगभग 30 हजार से ज्यादा लोगों ने गांधी मैदान में ईद की नमाज अदा की। इसमें CM नीतीश कुमार भी शामिल हुए। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट बाद गांधी मैदान से अपने आवास के लिए निकल गए। इस दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बात नहीं की।