जनगणना 2027: उपखण्ड अधिकारियों व चार्ज अधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण, कलक्टर ने दिए सतर्कता व पारदर्शिता के निर्देश
झालावाड़। जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए सोमवार को जिला परिषद सभागार में उपखण्ड अधिकारियों व चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के समस्त उपखंडों से संबंधित अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि जनगणना 2027 का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, जो देश की विकास योजनाओं की आधारशिला का कार्य करता है। अतः इसमें लगे सभी कार्मिक पूर्ण सतर्कता, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रशिक्षणार्थी प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझें और व्यवहारिक रूप से उसे आत्मसात करें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में प्रत्येक जानकारी का सही एवं सटीक संकलन अत्यंत आवश्यक है, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचें। जिला कलक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि सभी कार्मिक निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें, घर-घर सर्वेक्षण के दौरान शिष्टाचार एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखें, प्राप्त आंकड़ों की गोपनीयता बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचें, तकनीकी साधनों एवं निर्धारित प्रपत्रों का सही उपयोग सुनिश्चित करें तथा किसी भी शंका या समस्या की स्थिति में तत्काल अपने वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए यह प्रत्येक कार्मिक का दायित्व है कि वह इस कार्य को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से संपन्न करें। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी भवानीमंडी सु श्रद्धा गोमे, उप जिला जनगणना अधिकारी डॉ. आशीष यादव सहित सभी उपखण्ड अधिकारी, नगरीय निकायों के अधिशाषी अधिकारी, समस्त विकास अधिकारी एवं तहसीलदार उपस्थित रहे।