400 CCTV खंगालकर चेन स्नेचिंग गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार
जयपुर। जवाहर नगर थाना पुलिस ने चेन स्नेचिंग के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में लूटी गई सोने की चेन बरामद करने के साथ उसे खरीदने वाले ज्वेलर को भी गिरफ्तार किया है। मामले में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश अभी जारी है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि 19 जुलाई को जवाहर नगर निवासी अचल गुप्ता की शिकायत पर चेन स्नेचिंग का मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद थानाधिकारी सरला यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस और सीएसटी टीम ने वारदात स्थल से लेकर करीब 30 किलोमीटर के दायरे में लगे लगभग 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू (27) निवासी रामनगरिया, जगतपुरा की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने साथी राजकुमार के साथ सुनसान इलाकों में बुजुर्ग महिलाओं की रेकी करता था। मौका मिलते ही दोनों चेन छीनकर फरार हो जाते थे। बाद में लूटी गई सोने की चेन अपने परिचित ज्वेलर विष्णु सोनी (30) को आधी कीमत पर बेच देते थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्वेलर विष्णु सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली गई है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि चोरी की रकम से वे शराब और स्मैक का सेवन कर मौज-मस्ती करते थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू के खिलाफ जयपुर के विभिन्न थानों में करीब 20 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विष्णु सोनी पर 8 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी राजकुमार की तलाश कर रही है और दोनों आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ जारी है।