Dark Mode
राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव आयोजित

राष्ट्रीय युवा दिवस पर मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव आयोजित

  • जिला स्तरीय कार्यक्रम नगर परिषद के टाउन हॉल में आयोजित, 172 कार्मिकों को सौंपे वेलकम किट
  • नवनियुक्त कार्मिक स्वामी विवेकानन्द के आदर्शां को करें आत्मसात : जिला कलक्टर

धौलपुर। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव कार्यक्रम जयपुर में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि सरकार ने बीते वर्ष में भर्ती प्रक्रियाओं में शुचिता स्थापित करने हेतु पुरजोर प्रयास किये हैं। पीएम नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत जिस आत्मविश्वास से हुंकार भर रहा है, तो इसका सबसे बड़ा कारण हमारी युवा शक्ति है। युवाओं की आशा और अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए चौथी बार रोजगार उत्सव का आयोजन हुआ।
हमने सरकार बनते ही भर्ती माफियाओं के खिलाफ कदम उठाए। हमने पेपर लीक माफिया के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई। आज उस नेटवर्क को तोड़ने का काम किया। भ्रष्टाचार मुक्त भर्ती से युवाओं का विश्वास बहाल हुआ है। निष्पक्ष और पारदर्शिता से भर्तियां की जा रही हैं। युवाओं से किए गए वादे को पूरा किया है। पारदर्शिता पूर्ण भर्ती के लिए कई नीतिगत निर्णय लिए गए हैं। चतुर्थ श्रेणी भर्ती की राह खुली है। नई नीतियों में युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी है। सरकार युवाओं के साथ है। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संपूर्ण प्रदेश के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
नगर परिषद टाउनहॉल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जिला कलक्टर निधि बी टी ने विभिन्न विभागों के नवनियुक्त 172 कार्मिकों को वेलकम किट प्रदान किये। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद विधायक बाड़ी जसवन्त सिंह गुर्जर ने नवनियुक्त कार्मिकों को कर्मयोगी की भांति लोकदायित्वों के निर्वहन का संदेश दिया। जिला कलक्टर निधि बी टी ने अपने उदबोधन में नवनियुक्त कार्मिकों को स्वामी विवेकानन्द के आदर्शां को आत्मसात करने की सीख दी। उन्होंने स्वयं के अनुभव से बताते हुए कहा कि उन्होंने रामकृष्ण परमहंस मिशन के संस्थान से स्कूली शिक्षा अर्जित की। जिसने उनके विचारों को पोषित एवं परिष्कृत किया और सिविल सेवक बनकर कार्य करने की प्रेरणा दी। भाजपा जिलाध्यक्ष सत्येंन्द्र पाराशर ने नवनियुक्तों को लक्ष्य प्राप्ति तक न रुकने और सेवा निवृत्ति तक जनकल्याण की भावना से काम करने का संदेश दिया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद ए एन सोमनाथ, अतिरिक्त जिला कलक्टर धीरेन्द्र सिंह, भाजपा नेता शिवचरण कुशवाह, कोषाधिकारी संतोष मंगल, नवनियुक्त कार्मिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!