मुख्यमंत्री ने प्रत्येक वर्ग के लिए दी कल्याणकारी योजनाएंः मेघवाल
22 केवाइडी के ग्रामीणों ने किया आपदा प्रबंधन मंत्री का अभिनंदन
बीकानेर। आपदा प्रबंधन एवं सहायता विभाग मंत्री गोविंद राम मेघवाल ने कहा कि गत साढे चार वर्षों में खाजूवाला के दूरस्थ क्षेत्रों में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। मेघवाल ने बुधवार को 22 केवाईडी के अम्बेडकर भवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में प्रदेश चहुमुंखी विकास की ओर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक बजट में आमजन को ध्यान रखते हुए ऐतिहासिक योजनाएं और कार्यक्रम लागू किए हैं। आमजन को इनका लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान को देश का ऐसा पहला राज्य बनने का गौरव मिला है, जहां राइट टू हैल्थ लागू हुआ है। इसके बाद प्रत्येक नागरिक के स्वास्थ्य की रक्षा की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। मेघवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना ने प्रत्येक परिवार को 25 लाख रुपये तक के इलाज की गारंटी दी है। आज गांव-गांव में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खुल रहे हैं। यह ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के हिसाब से मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने कहा कि पानी, बिजली, सड़क के क्षेत्र में भी अनेक कार्य हुए हैं। इनसे आमजन का जीवन सुगम हो सका है।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अपने बच्चों को खूब पढ़ाएं। जीवन में आगे बढ़ने के लिए शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएं। इससे पहले ग्रामीणों ने साफा और शॉल ओढाकर तथा माला पहनाकर आपदा प्रबंधन मंत्री का स्वागत किया।
वहीं दूसरी ओर गोविंद राम मेघवाल ने बुधवार को आडूरी और 2 केडब्ल्यूएम में प्रशासन गांवों के संग और महंगाई राहत शिविरों का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को मुख्यमंत्री गारंटी कार्ड वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल से शुरू हुए महंगाई राहत शिविरों से आमजन को संबल मिल रहा है। महंगाई के दौर में राज्य सरकार की यह पहल राहत देने वाली है। अब तक जिले में लगभग 12 लाख गारंटी कार्ड वितरित हुए हैं। इन सभी लाभार्थियों को निर्धारित तिथि के अनुसार योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि यह शिविर 30 जून तक लगातार आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान शत-प्रतिशत परिवार अपना पंजीकरण करवाएं।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने प्रशासन गांवों के संग अभियान के दौरान विभिन्न विभागों के स्टॉल्स का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी पूर्ण संवेदनशीलता से कार्य करें, जिससे ग्रामीणों के राजस्व सहित विभिन्न लंबित प्रकरणों का निस्तारण हो सके। उन्होंने कहा कि आमजन को राजस्व सहित 22 विभागों से जुड़े कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं निकालने पड़े, इसके मद्देनजर यह शिविर लगाए जा रहे हैं।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि इन शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। शिविरों के दौरान राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाए।
गोविंद राम मेघवाल ने बुधवार को ही खाजूवाला के 2 केडब्ल्यूएम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 80 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन किया।
आपदा प्रबंधन मंत्री ने 28 बीडी के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में दो कक्षा कक्ष मय बरामदा एवं खेल मैदान कार्यों का उद्घाटन किया। इन पर दस-दस लाख रुपये व्यय हुए। इसी प्रकार 2 केडब्ल्यूएम के खेल मैदान की चार दीवारी, सामुदायिक भवन व चार दिवारी तथा आबादी की गलियों में नाली निर्माण कार्य का उद्घाटन किया। इन पर क्रमशः दस, दस और बीस लाख रुपये व्यय हुए हैं। उन्होंने 4 केडब्ल्यूएम में 10 लाख की लागत से सामुदायिक भवन मय चार दिवारी निर्माण तथा 24 बीडी में 10 लाख से तैयार जीएलआर मय पाइप लाइन निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने खाजूवाला क्षेत्र में अब तक करवाए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने सभी कार्य समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपखण्ड अधिकारी श्योराम सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।