Dark Mode
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किया झंडारोहण

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किया झंडारोहण

जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाएं : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 

सचिवालय के कर्मचारी राज्य प्रशासन की धुरी

 

 

     जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ की ओर से शासन सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम में झण्डा फहराया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस लोकतंत्र का महापर्व है। संविधान निर्माताओं ने देश को संविधान देकर यहां लोकतंत्र की सुदृढ़ नींव रखी। संविधान हमें मार्गदर्शित करता है तथा विकास की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार एवं कर्तव्य लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण कड़ी हैं।

     मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय के कर्मचारी राज्य प्रशासन की धुरी है। प्रदेशभर से आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सचिवालय आते हैं। यहां आने वाले बहुत से लोगों के लिए सचिवालय उनकी समस्या के निराकरण हेतु अंतिम विकल्प होता है। यहां बैठकर जनसेवा करने का अवसर मिलना सौभाग्य का विषय है। उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्य संपादन कुशलतापूर्वक होने से प्रदेश का प्रशासनिक ढांचा दुरूस्त रहता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निरंतर जनहित में निर्णय ले रही है। यह हम सबका कर्तव्य है कि हम जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सरकार गठन के एक महीने में ही जनता से किए वादे पूरे करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हम इसे निरंतर आगे बढ़ाएंगे एवं जनता की आशाओं पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत की तर्ज पर प्रदेश को विकसित करना हमारा ध्येय है।

शर्मा ने कहा कि राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ कर्मचारियों के हितों के संरक्षण हेतु उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। संघ के पदाधिकारियों द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर ध्यान दिया जाएगा एवं आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान  उत्कृष्ट कार्य करने वाले सचिवालय सेवा के कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। मुख्य सचिव सुधांश पंत ने कहा कि सचिवालय में कार्यों के समय पर निस्तारण से प्रदेश में प्रगति के नए आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना के साथ अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी रूप से निर्वहन करना सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का कर्तव्य है।

मुख्यमंत्री ने इससे पहले सचिवालय स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर राजस्थान सचिवालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष सीताराम चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी तथा सचिवालय सेवा के कार्मिक उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किया झंडारोहण
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किया झंडारोहण
मुख्यमंत्री ने सचिवालय में किया झंडारोहण

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!