मुख्यमंत्री युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना-2023
भीलवाड़ा। राज्य सरकार द्वारा राज्य के युवाओं को रोजगार के नवीन अवसर प्रदान करने के साथ स्वरोजगार से जोडने की दिशा में मुख्यमंत्री युवा उद्यम प्रोत्साहन योजना 2023 प्रारंभ की गई है। योजना की अवधि 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक है। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक राहुल देव सिंह ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत 18 से 35 वर्ष तक के न्यूनतम स्नातक शिक्षित युवा उद्यमियों को नवीन उद्यम (विनिर्माण, सेवा, व्यापार) स्थापित करने पर 1 करोड़ रूपये तक की ऋण राशि पर ब्याज अनुदान तथा मार्जिन मनी अनुदान दिये जाने का प्रावधान किया गया है। योजनांतर्गत 25 लाख रूपये तक के ऋण पर 8 प्रतिशत ब्याज अनुदान तथा 25 लाख से 1 करोड़ तक की ऋण राशि पर 6 प्रतिशत ब्याज अनुदान देय होगा। ब्याज अनुदान के साथ पुरुष उद्यमियों को 10 प्रतिशत एवं महिला उद्यमियों को 15 प्रतिशत मार्जिन मनी भी (5 लाख रूपये की सीमा तक) योजनांतर्गत देय है। योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निम्न पात्रता होना आवश्यक हैः- आवेदक राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है। आवेदन की तिथि को आवेदक की न्यूनतम आयु 18 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष होना आवश्यक है। सिर्फ स्नातक स्तर के युवा ही पात्र होंगे। सिर्फ नवीन उद्यम की स्थापना पर ही लाभ देय है। व्यक्तिगत लाभ की योजना है, कंपनी, भागीदारी फर्म, सोसायटी आदि पर लाभ देय नही है। इच्छुक युवा निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र मय दस्तावेज यथा- आधार कार्ड की छायाप्रति, जन-आधार कार्ड की छाया प्रति, पासपोर्ट साइज फोटो, परियोजना रिपोर्ट (स्व प्रमाणित), जन्म तिथि के सत्यापन के संबंध में 10वी कक्षा की अंकतालिका, स्नातक की अंकतालिका की छाया प्रति दो प्रतियों में तैयार कर जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र में संपर्क करे जहां निःशुल्क आवेदन तैयार कराए जा रहे है। ---000--- निर्वाचन लेखे संधारित किये जाने के लिए रेट चार्ट तैयार किये जाने के लिए बैठक 10 जुलाई कोभीलवाड़ा, 06 जुलाई। भारत निर्वाचन आयोग एवं निर्वाचन विभाग, राजस्थान जयपुर से प्राप्त दिशा निर्देशानुसार आगामी विधानसभा आम चुनाव 2023 के लिए चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों के निर्वाचन लेखे संधारित किये जाने के लिए रेट चार्ट तैयार किये जाने के लिए नोडल अधिकारी निर्वाचन व्यय अनुवीक्षण प्रकोष्ठ अति. जिला कलक्टर (प्रशासन) की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन 10 जुलाई को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट सभागार में होगी। यह जानकारी उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी।