Dark Mode
चूरू: समर्थन मूल्य पर खरीफ-2025 खरीद हेतु पंजीकरण शुरू

चूरू: समर्थन मूल्य पर खरीफ-2025 खरीद हेतु पंजीकरण शुरू

चूरू। समर्थन मूल्य पर फसल खरीफ—2025 खरीद हेतु टोकन काटे जा रहे हैं। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिले में खरीद केन्द्रों पर फसल खरीद हेतु टोकन काटने आदि के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए हैं। कॉपरेटिव डीआर सुनील मांडिया ने बताया कि फसल खरीद हेतु पंजीकरण सवेरे 09 बजे से सांय 07 बजे तक ही करवाए जा सकेंगे। तकनीकी समस्याओं के चलते वेबसाइट कुछ समय के लिए बंद है। समस्या का यथाशीघ्र निस्तारण होकर साइट पुनः चालू कर दी जाएगी। किसान अफवाहों पर ध्यान न दें। पंजीकरण की तिथि में कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि बिना मूल गिरदावरी के पंजीयन करने पर कियोस्क धारक को जिम्मेदार माना जाएगा। मूंग/उड़द तथा मूंगफली /सोयाबीन के अलग — अलग पंजीकरण नहीं किए जाएंगे। इसलिए किसान एक ही फॉर्म में मूंग /उड़द तथा मूंगफली /सोयाबीन (यदि दोनों हो तो) की गिरदावरी जोड़ें। बंटाईदार की स्थिति में भूमि मालिक तथा बंटाईदार दोनों के जना—आधार नंबर पर ओटीपी वेरीफाई करवाना अनिवार्य हैं एवं जिसके नाम से गिरदावरी है, उसी के नाम से पंजीकरण मान्य होगा। ऑनलाइन अपलोड की गई गिरदावरी में संशोधन मान्य नहीं होगा| उन्होंने बताया कि पंजीकरण हेतु गिरदावरी ही मान्य है तथा तुलाई के समय अपलोड की गई गिरदावरी तथा मूल गिरदावरी दोनों समान होने पर तुलाई की जाएगी। ऑनलाइन पंजीकरण के समय जिस जिन्स के लिए पंजीकरण करवाया जाएगा, वही जिन्स तुलाई के लिए स्वीकार्य होगी व इसमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा| डीआर मांडिया ने बताया कि कृषकों की कृषि उपज का ऑनलाइन पंजीकरण प्राथमिकता क्रम निर्धारित करने की दृष्टि से किया जा रहा है। ऑनलाइन पंजीकरण तथा खरीद दिनांक आवंटन खरीद होने की गारंटी नहीं है। पंजीयन का उद्देश्य पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखना है। उन्होंने बताया कि तकनीकी सहायता हेतु पूरी समस्या स्क्रीनशॉट सहित ईमेल RAJFED.OPR@Yahoo.com पर ईमेल करें तथा इन्क्वायरी हेतु टोल फ्री नंबर 1800-180-6001 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!