नगर परिषद के मंत्रालय कर्मचारी सामूहिक अवकाश पर आज से
टोंक । राजस्थान राज्य मंत्रालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फेडरेशन शाखा टोंंक से जुड़े नगर परिषद टोंक के अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी 29 अप्रैल से सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा की दी है। राजस्थान नगरपालिका कर्मचारी फैडरेशन के अध्यक्ष नाथूलाल चांवरिया व महामंत्री कन्हैयालाल चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि 14 सितंबर 2021 को राज्य सरकार एवं महासंघ के साथ हुए लिखित समझौते की पूर्ण पालना नहीं होने एवं 3 फरवरी को बजट पूर्व ध्यानाकर्षण महारैली के माध्यम से मंत्रालय कर्मचारियों की पीड़ा अवगत कराने के बावजूद महासंघ की महत्वपूर्ण वित्तीय मांगों को बजट घोषणाओं में भी उपेक्षित रखने से मंत्रालय कर्मचारियों का महा-आंदोलन 10 अप्रैल से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश के साथ शुरू हो चुका है। राजस्थान राज्य मंत्रालय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर नगर परिषद टोंक कार्यालय के समस्त मंत्रालय कर्मचारी 29 अप्रैल से अनिश्चितकालीन सामूहिक अवकाश पर रहेगें तथा जयपुर में 17 अप्रैल से चल रहे महापड़ाव में सम्मिलित होंगे। जिलाध्यक्ष चांवरिया ने बताया कि नगर परिषद के सभी मंत्रालयिक कर्मचारियों के अवकाश का प्रार्थना पत्र जिला कलेक्टर, नगर परिषद सभापति एवं आयुक्त को दे दिये गये है।