नगर परिषद ने अतिक्रमण हटाकर अवैध कैबिनों को किया जब्त
टोंक । नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने सोमवार को बड़ी कार्यवाही करते हुये नेहरू पार्क एवं किदवई पार्क के सामने लगी दर्जनों केबिनों को जब्त कर रास्ता साफ करवाया। इस दौरान कैबिन मालिकों ने बिना नोटिस दिये उन्हें बेदखल करने तथा अपनी रोजी रोटी का हवाला देते हुये विरोध भी किया, लेकिन परिषदकर्मियों ने उनकी एक भी नही सुनी। मिली जानकारी के अनुसार आयुक्त ममता नागर के निर्देश पर नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी चन्द्रप्रकाश की अगुवाई में दर्जनों नगर परिषद कार्मिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां के्रन की मदद से 25-30 केबिनों को जब्त किया गया। इस दौरान स्ट्रीट वेन्डर्स ने इस कार्यवाही के विरोध में कहा कि उन्हें आयुक्त द्वारा पिछले सप्ताह नेहरू पार्क व किदवई पार्क के गेट के आस-पास की केबिने हटाने के लिए कहा था, जिस पर उन्होने वहां से केबिने भी हटा दी, लेकिन फिर भी बाकी सभी केबिने हटाकर नगर परिषद ने उन्हे बेरोजगार कर दिया है। नगर परिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते के प्रभारी चन्द्रप्रकाश ने बताया कि किदवई एवं नेहरू पार्क के बाहर केबिने रखी होने से सडक़ पर आये दिन यातायात जाम रहने से लोगों को परेशानी हो रही थी। ऐसे में आयुक्त के निर्देश पर सभी अवैध केबिन धारकों को मौके पर ही सूचित कर उन्हें बेदखल किया गया।