Dark Mode
श्वसन संबंधी बीमारी को लेकर सीएमएचओ ने ली बैठक

श्वसन संबंधी बीमारी को लेकर सीएमएचओ ने ली बैठक

कोटपूतली. राजस्थान में सर्दी के मौसम की शुरुआत एवं चीन में फैल रही श्वसन संबंधी बीमारी को लेकर राज्य स्तर से जारी निर्देशों की पालना में कोटपूतली-बहरोड़ सीएमएचओ डॉ. निर्मल कुमार जैन ने गुरूवार को बैठक का आयोजन कर स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिये। सीएमएचओ ने बताया कि चीन में फैल रही बीमारी बच्चे, बुजुर्ग एवं गर्भवती महिलाएं तथा कोमोरबिडिटी जैसे केस में ज्यादा देखी गई है। सर्दी के मौसम को देखते हुए सभी बच्चे, बुजुर्ग एवं कोमोरबिडिटी सुबह एवं रात्रि के समय में घर से बाहर जरूरत होने पर पूरे कपड़े एवं सावधानी रखकर ही बाहर निकलें। इस मौसम में सभी को गर्म एवं पौष्टिक भोजन का सेवन करना चाहिये। जिससे की मौसमी बीमारियों का संक्रमण कम हो सके। उन्होंने बताया कि चीन में फैल रही बीमारी हालांकि भारत देश में एवं राजस्थान में नहीं है, लेकिन यह एक संक्रमित बीमारी है। जिससे बचाव हेतु भीड़ भाड़ वाले स्थान पर कम से कम जायें और सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार एवं  सांस लेने में दिक्कत हो तो निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर परामर्श के लिए संपर्क करें। यह बीमारी इनफ्लुएंजा माइक्रोप्रॉस्मोडियम निमोनिया की वजह से होती है, यह दो तरह की बीमारी होती है-आईएलआई एवं एसएआरआई। उन्होंने बीसीएमओ एवं संस्था प्रभारियों को मॉक ड्रिल एवं आवश्यक तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिये। नोडल अधिकारी रविकांत जांगिड़ ने बताया कि इसकी गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ द्वारा जिले के बानसूर एवं विराटनगर ब्लॉक की विजिट करके समस्त संस्था प्रभारियों की ब्लॉक स्तर पर बैठक ली। बैठक में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, पल्स ऑक्सीमीटर एवं संस्था पर उपलब्ध अन्य उपकरणों के रखरखाव एवं उनकी जांच करने के निर्देश दिये। साथ ही संस्था पर आवश्यक दवाईयां, जांच, बैड, उपचार आदि के समुचित इंतजाम प्रबंध सुनिश्चित करने के लिए भी निर्र्देशित किया। सीएमएचओ एवं नोडल अधिकारी द्वारा विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए डेंगू, मलेरिया, परिवार कल्याण, जेएसवाई, राजश्री एवं अन्य योजनाओं की समीक्षा भी की गई। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर नोडल अधिकारी एवं रैपिड रिस्पांस टीम का गठन करने के निर्देश भी दिये।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!