28 को कलेक्टर लेंगे यूआईटी में बैठक
भीलवाड़ा। नगर विकास न्यास के नाम पर लगातार सामने आ रहे घपलों को लेकर अब नगर विकास न्यास में कई प्रशासनिक व्यवस्थाएं बदलने जा रही है। इसे लेकर 28 फरवरी को जिला कलक्टर एक बैठक करेंगे।
नगर विकास न्यास के पहले आरसी व्यास कॉलोनी के करीब 5 करोड़ रुपए के भूखण्ड की रजिस्ट्री हो गई जिसके न्यास में कोई दस्तावेज नहीं है और अब मुआवजे के नाम पर 10 भूखण्डों की फर्जी रजिस्ट्री होने से न्यास व रजिस्ट्री विभाग में हड़कम्प मचा है।
यूआईटी की विशेषाधिकारी रजनी माधीवाल ने बताया कि रामप्रसाद लढ़ा नगर के जिन भूखण्डों की रजिस्ट्री हुई है उन पर डिस्पेज नम्बर तक नहीं है। उधर जिला कलक्टर आशीष मोदी ने कहा कि न्यास की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए 28 फरवरी को एक बैठक बुलाई गई है। जिससे वहां की व्यवस्थाओं में बदलाव की संभावना है। नगर विकास न्यास में अब तक रजिस्ट्री के लिए आवेदक को ही पट्टा थमाकर पंजीयन विभाग का रास्ता दिखा दिया जाता था और वह उन दो कागजों के माध्यम से किसी भी भूखण्ड की रजिस्ट्री करा लेता था, लेकिन अब इस पर अंकुश लगाया जा रहा है। न्यास अब पट्टे की कॉपी तो आवेदक को देगी लेकिन प्रतिदिन जितने भी पट्टे रजिस्ट्री के लिए तैयार होंगे उन्हें नगर विकास न्यास अपने स्तर पर पंजीयन विभाग को भेजेगी और उन्ही दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्री हो सकेगी। बाहरी व्यक्ति कोई भी दस्तावेज ले जाएगा तो मान्य नहीं होगा। अगर कोई ऐसे दस्तावेजों से रजिस्ट्री करवा लेता है तो उसकी जिम्मेदारी पंजीयन विभाग की होगी।