बच्चों को कलक्टर की सीख : मोबाइल नहीं, मंजिल पर रखें नजर
चित्तौड़गढ़। भैंसरोड़गढ़ क्षेत्र की जालखेड़ा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल सिर्फ जनसुनवाई तक सीमित नहीं रही, बल्कि बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरणा का मंच भी बनी। जिला कलक्टर Dr. Manju ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर पूरी लगन से आगे बढ़ने का संदेश दिया।
चौपाल के दौरान उत्कृष्ट शैक्षणिक और खेल उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि आज के दौर में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया बच्चों का ध्यान आसानी से भटका सकते हैं, लेकिन जो विद्यार्थी अपने सपनों और लक्ष्य पर केंद्रित रहते हैं, वही सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंचते हैं। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई को केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अपने भविष्य को संवारने का माध्यम मानने की अपील की।
उन्होंने युवाओं को खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करते हुए नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी। साथ ही कहा कि माता-पिता और शिक्षकों का मार्गदर्शन जीवन की सही दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
चौपाल में अभिभावकों से संवाद करते हुए जिला कलक्टर ने बेटियों की शिक्षा पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवारों को बेटियों को आगे बढ़ने के अवसर देने चाहिए और कम उम्र में विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों से बचना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और ज्ञान केंद्रों की भी जानकारी ली।