सामना में वैगनर ग्रुप से विपक्षी पार्टियों की तुलना
लिखा- पुतिन की तरह मोदी को झेलनी होगी बगावत; लोकतांत्रिक तरीके से जाएगी भाजपा सरकार
मुंबई . शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) ने अपने मुखपत्र 'सामना' के संपादकीय में विपक्षी पार्टियों की तुलना रूस के वैगनर ग्रुप से की है। पार्टी ने सामना में लिखा- वैगनर ग्रुप ने दिखाया है कि तानाशाही को चुनौती दी जा सकती है। पुतिन हों या मोदी, सभी को बगावत का सामना करना पड़ेगा।
भारत का वैगनर ग्रुप पटना में लोकतंत्र की रक्षा करने के लिए इकट्ठा हुआ था। ये नॉन-वॉयलेंट वैगनर ग्रुप बैलेट बॉक्स के जरिए मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगा। पुतिन की तरह मोदी भी जाएंगे, लेकिन लोकतांत्रिक रास्ते से।
EVM घोटाला हुआ तो देशभर में मणिपुर जैसे हालात होंगे
संपादकीय में लिखा है कि 2024 लोकसभा चुनाव का परिणाम इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) नहीं, बल्कि लोग तय करेंगे। अगर कोई EVM घोटाला हुआ तो देश भर में मणिपुर जैसी स्थिति पैदा हो जाएगी। लोगों में सरकार के खिलाफ बहुत ज्यादा गुस्सा है।
सामना में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे पर भी निशाना साधा गया है। इसमें लिखा है कि भाजपा ने एकनाथ शिंदे जैसे कई लोगों को अपना रक्षक बना रखा है। कल यही लोग उन्हें धोखा देंगे।
शिवसेना ने पटना में विपक्षी एकता मीटिंग में शामिल हुए नेताओं को भारत का वैगनर ग्रुप बताया है। नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई इस मीटिंग में भाजपा के खिलाफ लोकसभा चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार उतारने पर सहमति बनी थी।
बिहार सीएम आवास में जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा था कि अगली बैठक शिमला में की जाएगी और इसी बैठक में अंतिम रूप दिया जाएगा कि कौन कहां से, कैसे लड़ेगा। ढाई घंटे की बैठक में कॉमन मिनिमम प्रोग्राम, सीट बंटवारे को लेकर चर्चा हुई।